यूपी विधानसभा चुनाव के दौरान सपा में शुरू हुई पारिवारिक कलह के बीच तीन महीने बाद सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष का पद छोड़ने की बात कहने वाले अखिलेश यादव पांच अक्टूबर के बाद भी सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष बने रहेंगे। पहले माना जा रहा था कि राष्ट्रीय अधिवेशन के दौरान फिर से पार्टी की बागडोर मुलायम सिंह यादव को सौंपी जा सकती है।
आगरा में होने वाले सपा के राष्ट्रीय अधिवेशन के संबंध में जानकारी दे रहे स्वागत समिति के अध्यक्ष रामजीलाल सुमन ने प्रेसवार्ता के दौरान अखिलेश का ताज बरकरार रहने के संकेत दिए। प्रेसवार्ता के दौरान पूछे गए सवाल के जवाब में रामजीलाल सुमन ने कहा कि जब अखिलेश यादव ने ये बयान दिया कि वे पार्टी के अध्यक्ष केवल तीन माह के लिए बने हैं, तब हालात कुछ और थे। आज कुछ और हैं।
ऐसे में माना जा रहा है कि पांच अक्टूबर को होने वाले राष्ट्रीय अधिवेशन के दौरान अखिलेश की ही ताजपोशी दोबारा राष्ट्रीय अध्यक्ष के पद पर होगी। पार्टी के अंदर इसकी तैयारियां भी चल रही हैं।