मैनपुरी के घिरोर और औंछा में समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष व पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा सरकार में सबसे ज्यादा परेशान किसान हैं। किसान को डीएपी नहीं मिल रही है। डीएपी की जमकर कालाबाजारी हो रही है। भाजपा नेता किसानों की बात ही नहीं कर रहे हैं। किसान उपचुनाव में इसका जवाब वोट के माध्यम से देंगे। पूर्व मुख्यमंत्री घिरोर के एक मैरिज होम में कार्यकर्ता सम्मेलन में बोल रहे थे।
उन्होंने कहा कि भाजपा शासन में महंगाई बढ़ी है। रसोई गैस महंगी हुई है। गैस के फ्री सिलिंडरों का कोई पता नहीं है। महिलाएं और युवतियां असुरक्षित हैं। अपराधियों के खिलाफ बुलडोजर चलाने का दावा करने वाले लोग अपराधियों के प्रति नरम रुख अपना रहे हैं। भाजपा ने उपचुनाव में जानबूझकर ऐसा प्रत्याशी उतारा है, जिससे चुनाव में झगड़ा हो। जिले में शिक्षा, स्वास्थ्य के लिए जितना काम सपा ने कराया उसका एक भी हिस्सा भाजपा नहीं करा सकी है। भाजपा से नाराज जनता उपचुनाव में भाजपा को आइना दिखा देगी।
ये रहे मौजूद
इस मौके पर पूर्व चेयरमैन अनिल गुप्ता, कृपाल सिंह, संजय शर्मा, अजय शाक्य, अभिनंदन यादव, रंजीत कुमार, अतुल कुमार प्रधान, पप्पू यादव, देवेंद्र सिंह मौजूद रहे।
ये भी पढ़ें - CM Yogi Firozabad Visit: सीएम योगी- प्रदेश से गुंडे- माफियाओं का हुआ पलायन, चंड- मुंड होंगे अगले चौराहे पर ढेर
औंछा में यहां हुआ सम्मेलन
औंछा क्षेत्र के रामदयाल इंटर कॉलेज भगवंतपुर तथा औंछा के एक मैदान में कार्यकर्ता सम्मेलन में उन्होंने कहा कि डीएपी के लिए किसान की समस्या का समाधान नहीं है। डीएपी किसानों को नहीं मिल पा रही है। सुबह से शाम तक लाइन में लगने के बाद भी किसान खाली हाथ लौट रहा है। सहकारी समितियों और दुकानों पर डीएपी कालाबाजारी हो रही है। किसानों के खेतों की फसल गोवंश खा रहे हैं। किसान पूरी तरह तबाह हो चुका है। भाजपा सरकार अब नौकरियों की बात नहीं करती है। इस मौके पर समाजवादी अधिवक्ता सभा के जिलाध्यक्ष जगपाल सिंह यादव, एमएलसी मुकुल यादव, अरविंद यादव, अनिल यादव, अशोक कुमार मौजूद रहे।