महाकवि को अखिलेश यादव ने अर्पित किए श्रद्धा सुमन
- फोटो : अमर उजाला
दिवंगत कवि गोपाल दास ‘नीरज’ की श्रद्धांजलि सभा में भी अखिलेश यादव और शिवपाल सिंह यादव के बीच दूरी दिखाई दी। पास होकर भी दोनों के बीच कोई बातचीत नहीं हुई। जिस तरह से चाचा-भतीजे अलग-अलग आए थे, उसी तरह से दोनों बिना किसी मेल-मिलाप के लौट गए। श्रद्धांजलि सभा में गूंज रहे दिवंगत नीरज के प्रेम गीत के बीच दोनों लगभग 10 मिनट अंजान से बैठे रहे।
सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष व पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव पूर्व मंत्री रामसकल गुर्जर तथा संगठन के अन्य सदस्यों के साथ सुबह लगभग 10.10 बजे नीरज को श्रद्धांजलि देने पहुंचे। लगभग 15 मिनट बाद सपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष व अखिलेश यादव के चाचा अपने कुछ समर्थकों के साथ श्रद्धांजलि सभा में पहुंचे। पुष्प अर्पित करने के बाद वह भी कवि नीरज के परिजनों को सांत्वना देने के लिए अखिलेश यादव के पास के सोफे पर बैठ गए। मगर, दोनों के बीच कोई बातचीत नहीं हुई।
दोनों ने एक-दूसरे का न तो हालचाल लिया और न ही खैर-खबर ली। लगभग साढ़े दस बजे अखिलेश यादव रवाना हो गए। जबकि शिवपाल सिंह यादव पौने ग्यारह बजे के बाद ही गए। इस बीच दोनों के समर्थकों के बीच भी काफी दूरी दिखाई दी। एक ही पार्टी के होने के बावजूद दोनों के समर्थक जिस तरह से अपने-अपने नेता के साथ आए थे, उसी तरह से गए।