मैनपुरी। शनिवार को यूपी बोर्ड हाईस्कूल और इंटरमीडिएट का परीक्षा परिणाम जारी हो गया। 10वीं का परिणाम 91.96 प्रतिशत रहा तो वहीं इंटरमीडिएट का परिणाम 84.54 प्रतिशत रहा। दोनों ही परीक्षा परिणाम में बीते वर्ष की अपेक्षा सुधार दर्ज किया गया है।
हाईस्कूल में तपस्थली सीनियर सेकंडरी स्कूल भोगांव रोड की छात्रा आकांक्षा ने 95.67 प्रतिशत अंकों के साथ जिला टॉप किया। आदर्श राष्ट्रीय इंटर कॉलेज के छात्र अनुज यादव और तथागत इंटर कॉलेज कुरावली की छात्रा प्रज्ञा ने 94.83 प्रतिशत अंकों के साथ संयुक्त रूप से जिले में दूसरा स्थान प्राप्त किया। जैन इंटर कॉलेज करहल की छात्रा आकांक्षा यादव और नेहा यादव 94.50 प्रतिशत अंकों के साथ संयुक्त रूप से जिले में तीसरे पायदान पर रहीं।
वहीं इंटरमीडिएट में राजकीय इंटर कॉलेज मैनपुरी के छात्र मोहम्मद सहीम ने 97.20 प्रतिशत अंकों के साथ जिले में प्रथम स्थान प्राप्त किया। मां लक्ष्मी देवी इंटर कॉलेज धरमंगदपुर कुसमरा की छात्रा सेजल, श्री चित्रगुप्त इंटर कॉलेज मैनपुरी के छात्र नितिन और तपस्थली सीनियर सेकंडरी स्कूल भोगांव रोड मैनपुरी के छात्र सुधांक राजपूत ने 96.40 प्रतिशत अंकों के साथ संयुक्त रूप से जिले में द्वितीय स्थान प्राप्त किया। तीसरे स्थान पर श्री चित्रगुप्त इंटर कॉलेज के छात्र सृजन सक्सेना 96.20 प्रतिशत अंकों के साथ रहे।