दो दिन की मामूली राहत के बाद गुरुवार को ताजनगरी की हवा बेहद खतरनाक हो गई। धुंध गहराने के कारण स्मॉग की चादर तन गई, जिस वजह से आंखों में जलन और शाम को लोगों को दम घुटता महसूस हुआ। एकाएक धुंध और सर्दी बढ़ने के साथ प्रदूषण स्तर में 100 अंकों का उछाल आया। गुरुवार को केंद्रीय प्रदूषण निंयत्रण बोर्ड द्वारा जारी की गई वायु गुणवत्ता सूचकांक (एयर क्वालिटी इंडेक्स-एक्यूआई) सूची में आगरा का एक्यूआई 373 दर्ज किया गया। शुक्रवार सुबह से वातावरण में धुंध छाई है।