पांच दिन की राहत के बाद आगरा एक बार फिर देश के सबसे प्रदूषित 10 शहरों में से शामिल हो गया। शुक्रवार को केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड की ओर से जारी की गई सूची में आगरा में वायु गुणवत्ता सूचकांक (एयर क्वालिटी इंडेक्स-एक्यूआईः) 302 रहा। देश में आगरा 10 वां और उत्तर प्रदेश का छठा सबसे प्रदूषित शहर हो गया।
बारिश के बाद आगरा की हवा में सुधार आया था, लेकिन गुरुवार से हवा की गुणवत्ता खराब होनी शुरू हो गई, जो शुक्रवार को गंभीर स्तर पर आ गई। दिल्ली एनसीआर से ज्यादा प्रदूषण आगरा में दर्ज किया गया। दिल्ली में एक्यूआई 294 है, जबकि आगरा में 302 हो गया।
37 गुना कार्बन मोनोक्साइड, 6 गुना सूक्ष्म कण
केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड द्वारा जारी किए गए एयर क्वालिटी इंडेक्स के मुताबिक आगरा में मानक से 37 गुना ज्यादा कार्बन मोनोक्साइड की मात्रा है जो रात 11 बजे सर्वाधिक रही, वहीं सुबह 5 से 9 बजे तक और शाम को 7 से 8 बजे के बीच सबसे ज्यादा कार्बन मोनोक्साइड संजय प्लेस स्थित ऑटोमेटिक स्टेशन पर दर्ज किया गया।