महीने भर पहले शुरू हुई एयर इंडिया की फ्लाइट एआई-406 दो दिन स्थगित करने के बाद बुधवार को आगरा आई तो पर्यटन उद्योग को चैन आया। एयर इंडिया की नई दिल्ली-वाराणसी-आगरा-खजुराहो रूट की इस फ्लाइट के कभी भी बंद होने और कभी भी शुरू हो जाने से टूर ऑपरेटर परेशान हैं।
बुधवार 5 जुलाई को जब चार दिन के बाद फ्लाइट आगरा आई तो वाराणसी से 55 यात्री आए, जबकि अनिश्चितता के कारण केवल पांच यात्री आगरा से खजुराहो के लिए गए। एआई-406 उड़ान शनिवार और सोमवार को आगरा नहीं पहुंची तो टूर ऑपरेटरों के माथे पर चिंता की लकीरें पड़ गईं।
एयर इंडिया के स्थानीय अधिकारियों को भी नहीं पता चला कि कब यह फ्लाइट आएगी। बुधवार दोपहर 1.45 पर तय समय से 25 मिनट देरी से जब फ्लाइट आई तो ऑपरेटरों को सुकून पहुंचा। यह फ्लाइट खजुराहो के लिए 2.15 पर रवाना हुई।
दरअसल, खेरिया हवाई अड्डे पर इंस्ट्रूमेंटल लैंडिंग सिस्टम बदले जाने के कारण एयर इंडिया ने दो दिन शनिवार और सोमवार को इस फ्लाइट को स्थगित किया था। नवंबर 2012 में एयरपोर्ट अथॉरिटी आफ इंडिया ने आईएलएस लगवाया था। अब एयरफोर्स ने एयरपोर्ट अथॉरिटी की जगह अपना आईएलएस कमीशन किया है।