प्लेटफाॅर्म के नीचे गिरा एयरफोर्स जवान।
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
फिरोजाबाद के टूंडला में चलती ट्रेन में चढ़ रहे एयरफोर्स के जवान का पैर फिसलने से प्लेटफॉर्म व ट्रेन के बीच में आ गया। गनीमत रही ड्यूटी पर तैनात रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) ने ट्रेन की चेन पुलिंग कराकर ट्रेन को रुकवा दिया, अन्यथा उसकी जान जा सकती थी।
घटना बुधवार रात की है। जीआरपी टूंडला जंक्शन के उप निरीक्षक सुरेश कुमार अपनी टीम के साथ प्लेटफॉर्म पर शांति व्यवस्था और संदिग्ध व्यक्तियों व सामान की चेकिंग कर रहे थे। उनके साथ आरपीएफ के प्रभारी निरीक्षक और अन्य कर्मी भी मौजूद थे। इसी दौरान प्लेटफॉर्म नंबर 5 पर 12304 पूर्वा एक्सप्रेस शाम 20:18 बजे आई और निर्धारित समय 20:20 बजे रवाना हो गई। ट्रेन जैसे ही आगे बढ़ी, तभी एक यात्री भागता हुआ आया। चलती ट्रेन में चढ़ने लगा। जीआरपी और आरपीएफ कर्मियों ने उसे रोकने के लिए दौड़ लगाई, लेकिन इससे पहले कि वे उसे पकड़ पाते, उसका संतुलन बिगड़ गया और वह फिसलकर सीधे ट्रेन के नीचे ट्रैक पर जा गिरा। यह दृश्य इतना खौफनाक था कि प्लेटफॉर्म पर मौजूद लोगों की चीख निकल गई।
तुरंत रेलवे कंट्रोल रूम और लोको पायलट से संपर्क किया गया। यात्रियों के सहयोग से चेन पुलिंग कराई गई और तेजी से दौड़ती ट्रेन को रुकवाया गया। मौके पर मौजूद थानाध्यक्ष मोनू कुमार आर्य, उप निरीक्षक सुरेश कुमार, आरपीएफ प्रभारी निरीक्षक और अन्य कर्मियों ने अपनी जान की परवाह किए बिना ट्रेन के नीचे ट्रैक पर फंसे युवक को निकालने के लिए रेस्क्यू शुरू किया।
लोहे के पहियों के बीच फंसा युवक सहमा हुआ था, लेकिन पुलिस और आरपीएफ टीम ने हिम्मत नहीं हारी। आम लोगों के सहयोग से सावधानीपूर्वक उसे बाहर निकाला गया। जब वह सुरक्षित बाहर आया तो वहां मौजूद हर व्यक्ति ने राहत की सांस ली। रेस्क्यू के बाद रेलवे डाॅक्टर अक्षिता को मौके पर बुलाया गया, जिन्होंने यात्री का प्राथमिक उपचार किया। इसके बाद उन्हें सीएचसी में भर्ती कराया गया। यात्री की पहचान पश्चिम बंगाल के बांकुरा रात्रा निवासी अनीश बर्मन (28) के रूप में हुई। वह आगरा में एयरफोर्स में तैनात हैं। वह बुधवार को वह छुट्टी पर घर जाने के लिए आगरा से टूंडला पहुंचे थे। पूर्वा एक्सप्रेस के एस-6 में उनका आरक्षण था। कंपनी कमांडर अवधेश गोस्वामी का कहना है कि घायल जवान को आरपीएफ की निगरानी में उपचार सीएचसी में कराया गया था। साथ ही उसके परिजनों को सूचना दे दी है। घायल जवान खतरे से बाहर है।
">http://