आगरा। रोशनी का त्योहार दिवाली 20 अक्तूबर को मनाया जाएगा। इससे पहले 18 को धनतेरस के लिए बाजार पूरी तरह सज चुके हैं। हर क्षेत्र में खरीदारी चरम पर पहुंच रही है। धनतेरस से पहले ऑटोमोबाइल बाजार टॉप गियर पर पहुंच गया है। हर रेंज की कारों की कारों की जबरदस्त बुकिंग हो रही है।
चार पहिया वाहन शोरूम में 550 से ज्यादा कारों की बुकिंग हो चुकी है। वहीं, दोपहिया वाहन के एक शोरूम में 700-750 से ज्यादा वाहनों की डिलीवरी का अनुमान है। शहर में दोपहिया के छोटे-बड़े 150 से ज्यादा और चार पहिया वाहनों के 40 से ज्यादा शोरूम हैं। जीएसटी में कमी की वजह से इस साल बिक्री के ग्राफ में खासी तेजी आई है।
हालांकि मंगलवार से रोड टैक्स और पंजीकरण शुल्क लगने के एलान के बाद इस बार इलेक्ट्रिक वाहनों (ई-वी) की बिक्री पर असर दिख सकता है। दरअसल इस एलान से पहले इलेक्ट्रिक वाहनों की शहर में 25 प्रतिशत बिक्री थी। शारदीय नवरात्र पर ऑटोमोबाइल बाजार को 500 करोड़ से ज्यादा का कारोबार मिला था। 4000 हजार के करीब कारें और 8000 स्कूटी, बाइक, बुलेट और ई-वी स्कूटी, बाइकों की बिक्री हुई थी।
स्पोर्ट्स और पावर बाइकों की मांग ज्यादा
धनतेरस पर महंगी और लग्जरी कारों के साथ ही ब्लू टूथ, जीपीएस फीचर वाली स्पोर्ट्स और पावर बाइकों की अच्छी मांग है। 12-25 लाख वाली एसयूवी सबसे ज्यादा ग्राहकों की पसंद बनी है। विदेशी इलेक्ट्रिक कारों की भी मांग देखने को मिल रही है।
ई-वी के 10 से ज्यादा शोरूम
शहर में ईवी दो पहिया के भी 10 से ज्यादा शोरूम खुल चुके हैं। ईवी स्कूटी-बाइक दो तरह के होते हैं। ज्यादा स्पीड वाले वाहन के लिए पंजीकरण जरूरी होता है जबकि कम स्पीड बाइक या स्कूटी के लिए आरटीओ पंजीकरण की आवश्यकता नहीं होती है।
जीएसटी में कमी से कारोबार को लाभ
धनतेरस और दिवाली के लिए ग्राहकों में खासा उत्साह है। जीएसटी की दरों में की गई कमी का बाजार पर जबरदस्त असर है। ग्राहकों की ओर से बहुत अच्छी बुकिंग की जा रही है। अच्छा कारोबार होने का अनुमान है।
- आशुतोष बंसल, डायरेक्टर, प्रेम किआ
अच्छा कारोबार होने का अनुमान
इलेक्ट्रिक बाइकों स्कूटी की मांग अभी भी अच्छी है। शोरूम में धनतेरस के लिए 12 बाइक-स्कूटी बुक हो चुकी हैं। 22 ग्राहक से ज्यादा पूछताछ करके टोकन मनी दे चुके हैं। नई व्यवस्था का असर बहुत अधिक पड़ने का अनुमान नहीं है।