आगरा। जिले के क्रिकेटरों लक्ष्य सिंह राठौर, मयंक तिवारी और विकास सिकरवार ने मथुरा में खेले गए एक हाई स्कोरिंग मुकाबले में शानदार प्रदर्शन किया है। केसरी ग्राउंड पर हुए मैच में इन बल्लेबाजों ने अपनी टीम विनायक रॉयल्स को 224 रन के बड़े स्कोर तक पहुंचाया।
लक्ष्य ने 45 गेंदों पर आठ छक्कों और आठ चौकों की मदद से 95 रन की तूफानी पारी खेली। कप्तान मयंक तिवारी ने 30 गेंदों पर तीन छक्कों और छह चौकों की मदद से 60 रन बनाए। मध्य क्रम में विकास सिकरवार ने सात गेंदों पर 25 रन का तेज योगदान दिया। हालांकि, विनायक रॉयल्स यह मुकाबला सात विकेट से हार गई।
विनायक रॉयल्स ने निर्धारित 20 ओवर में सात विकेट पर 224 रन बनाए थे। जवाब में अचीवर्स रेड ने 17.4 ओवर में 226 रन बनाकर मुकाबला अपने नाम कर लिया। माधव पठानिया ने 47 गेंदों में 92 रन की विस्फोटक पारी खेली। उन्हें इस शानदार प्रदर्शन के लिए प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।