आगरा। आईपीएल-2026 का ताज आरसीबी के सिर सजा, लेकिन पूरे सीजन में ताजनगरी के क्रिकेटरों ने अपने प्रदर्शन से शहर का गौरव बढ़ाया। राजस्थान रॉयल्स के ध्रुव जुरेल ने बल्ले और विकेटकीपिंग दोनों में शानदार योगदान दिया, जबकि चेन्नई सुपर किंग्स के कार्तिक शर्मा और मुंबई इंडियंस के दीपक चाहर ने भी अपनी-अपनी टीमों के लिए महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। आगरा के इन खिलाड़ियों के प्रदर्शन ने शहर के क्रिकेटप्रेमियों को पूरे सीजन गर्व करने का मौका दिया।
राजस्थान रॉयल्स के विकेटकीपर बल्लेबाज ध्रुव जुरेल आगरा के खिलाड़ियों में सबसे सफल रहे। उन्होंने 16 मैचों में 515 रन बनाकर आईपीएल 2026 में सर्वाधिक रन बनाने वालों की सूची में 11वां स्थान हासिल किया। राजस्थान रॉयल्स की ओर से वह दूसरे सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज रहे। विकेट के पीछे भी ध्रुव ने अपनी उपयोगिता साबित करते हुए 18 कैच और एक स्टंपिंग की। पूरे सीजन में उनकी निरंतरता टीम के लिए बड़ी ताकत बनी रही।
चेन्नई सुपर किंग्स के युवा बल्लेबाज कार्तिक शर्मा ने भी अपने प्रदर्शन से प्रभावित किया। उन्होंने 11 मैचों में 295 रन बनाए और आईपीएल 2026 में रन बनाने वालों की सूची में 36वां स्थान प्राप्त किया। सीएसके के लिए वह तीसरे सर्वाधिक रन बनाने वाले बल्लेबाज रहे। विकेटकीपर की भूमिका निभाते हुए कार्तिक ने एक कैच भी लपका।
मुंबई इंडियंस के तेज गेंदबाज दीपक चाहर ने सीमित अवसरों के बावजूद प्रभावशाली प्रदर्शन किया। उन्होंने आठ मैचों में आठ विकेट हासिल किए और मुंबई इंडियंस के लिए विकेट लेने वालों की सूची में चौथे स्थान पर रहे। नई गेंद से उनकी स्विंग और अनुभव टीम के लिए उपयोगी साबित हुआ।
वहीं ब्रज में क्रिकेट का ककहरा सीखे रघु शर्मा ने छह मैच खेले और एक विकेट अपने नाम किया। युवा खिलाड़ी के रूप में उन्होंने टीम प्रबंधन का भरोसा हासिल करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बढ़ाया। लेग स्पिनर राहुल चाहर को भी इस सीजन में एक ही मैच खेलने का अवसर मिला। आगरा के खिलाड़ियों के प्रदर्शन ने नए क्रिकेटरों को प्रेरित करने का काम किया है।
ध्रुव, कार्तिक व दीपक चाहर
ध्रुव, कार्तिक व दीपक चाहर