आगरा में एक बेबस मां अपनी तीन बेटियों और एक बेटे की पढ़ाई के लिए किडनी बेचना चाहती है। मां ने सोशल मीडिया पर पोस्ट डालकर किडनी खरीदने की अपील की है। अपने बच्चों को पढ़ाने के लिए उसने सीएम से लेकर पीएम तक गुहार लगाई लेकिन कहीं से उसे मदद नहीं मिली। बावजूद इसके उसने हार नहीं मानी अपने बच्चों को पढ़ाने के लिए अपनी किडनी बेचने की ठानी।
आगरा के रोहता क्षेत्र की निवासी आरती शर्मा की तीन बेटियां और एक बेटा है। चारों बच्चे सीबीएसई स्कूल में पढ़ते हैं। परिवार में सबकुछ ठीक चल रहा था लेकिन तीन महीने पहले फीस जमा न करने की वजह से महिला के चारों बच्चों को स्कूल से निकाल दिया गया। बच्चों को स्कूल से निकालने पर मां आरती शर्मा बहुत परेशान हो गई।
आरती को राइट टू एजुकेशन के बारे में जानकारी मिली। उसने सोचा कि बच्चों को राइट टू एजुकेशन के तहत शिक्षा मिल जाएगी। इसके लिए महिला ने स्थानीय अधिकारियों से मिलकर मदद की गुहार लगाई लेकिन किसी भी अधिकारी ने इस महिला की व्यथा नहीं सुनी।
स्थानीय प्रशासन की बेरुखी से हारकर महिला ने लखनउ में सीएम योगी आदित्यनाथ के सामने भी अपना दर्द रखा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने महिला की मदद का भरोसा दिया और डीएम से मिलने का कहा। स्थानीय स्तर पर महिला डीएम से मिली लेकिन अब तक उसे कोई मदद नहीं मिली।
महिला ने सरकार और प्रशासन की उदासीनता के बाद भी हार नहीं मानी। अब उसे अपने बच्चों को पढ़ाने के लिए किडनी बेचने को भी तैयार है। महिला ने फेसबुक पर एक पोस्ट डालकर किडनी बेचने की अपील की है। महिला की ये पोस्ट सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रही है।