आगरा के इनर रिंग रोड की बदहाल सर्विस रोड पर गड्ढे के कारण बाइक अनियंत्रित होने से मां-बेटे हादसे का शिकार हो गए। सड़क पर गिरने से महिला की मौत हो गई। ग्रामीणों ने दो दिन में मरम्मत नहीं होने पर धरना-प्रदर्शन की चेतावनी दी है।
{{#eligible}}
सभी खबरें बिना रुकावट पढ़ने के लिए
अमर उजाला एप डाउनलोड करें
आगरा में इनर रिंग रोड के किनारे ग्रामीणों की सुविधा के लिए सर्विस रोड बनी है। यही सड़क जिम्मेदारों की अनदेखी से धंस गई है। मौत के अनगिनत गड्ढे बन गए हैं। जिससे रविवार की रात महुआखेड़ा गांव के बाइक सवार मां-बेटे हादसे का शिकार हो गए। मां की मौत हो गई। बदहाल सड़क के कारण जान जाने का आरोप लगाते हुए ग्रामीणों में गुस्सा भी दिखा।
विज्ञापन
महुआ खेड़ा निवासी रामवीर सिंह शास्त्री की पत्नी किरण देवी रविवार की रात करीब 8 बजे बुढ़ेरा चौराहे से बेटे के साथ बाइक पर बैठकर घर जा रही थीं। इनर रिंग रोड की सर्विस रोड पर कई जगह सड़क धंसी हुई है। गहरे गड्ढे बने हुए हैं। खराब सड़क के कारण बाइक अनियंत्रित गई। इससे किरण देवी सड़क पर गिर पड़ीं। उनका सिर रोड से टकरा गया। गंभीर चोट लगने के कारण उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
हादसे की जानकारी होते ही रोते-बिलखते परिजन और ग्रामीण पहुंचे। सूचना पर पहुंची पुलिस ने भी छानबीन करने के बाद शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा। उधर, दुर्घटना का कारण ग्रामीण खराब पड़ी सड़क को बता रहे हैं। आरोप है कि सड़क के गड्ढे भरे गए होते तो यह दर्दनाक घटना नहीं होती है।
विज्ञापन
दो दिन में मरम्मत नहीं तो देंगे धरना
हादसे के बाद मौके पर जुटे गांव के हरिओम यादव, मनोज रावत, अंकुर यादव, अशोक कुमार यादव आदि ग्रामीणों का कहना है कि सर्विस रोड की बदहाली के कारण ही जान गई है। सड़क पर जगह-जगह गड्ढे और धंसे हुए हिस्से वाहन चालकों के लिए जानलेवा साबित हो रहे हैं। इसके बावजूद विभाग के जिम्मेदार खामोश बने हैं। ग्रामीणों ने कहा कि यदि दो दिन के भीतर सर्विस रोड की मरम्मत नहीं कराई गई, तो वे एकजुट होकर धरना-प्रदर्शन करेंगे। आंदोलन किया जाएगा।