केंद्रीय पर्यटन मंत्री डा. महेश शर्मा ने दिए संकेत
- फोटो : अमर उजाला
ताजमहल के शहर को वर्ल्ड क्लास बनाने के दावे के साथ केंद्र और राज्य की भाजपा सरकार कई तोहफों का ऐलान जल्द करने वाली है। आगरा में एयरपोर्ट और बैराज की पुरानी मांग को पूरा करने की कवायद शुरू हो गई है तो वहीं, वर्ल्ड क्लास रेलवे स्टेशन और बेहतरीन सड़कों के लिए भी आगरा को चुना गया है, जिसका एलान प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री एक साथ कर सकते हैं।
आगरा के साथ रिश्ते में जुड़ चुके केंद्रीय पर्यटन मंत्री डा. महेश शर्मा ने डिजिधन मेले के उद्घाटन के दौरान खास बातचीत में कहा कि यूनेस्को की तीन धरोहरें आगरा में हैं। आगरा को पर्यटन विकास का बड़ा चेहरा बनाने का केंद्र और राज्य सरकार प्रयास करेंगी। मोदी-योगी मिलकर आगरा के विकास की योजना बना रहे हैं। एयरपोर्ट, बैराज, रेलवे स्टेशन, फतेहपुर सीकरी और ताजमहल के पास के हालात बदलने की योजना बना चुके हैं। यह योजनाएं क्या होंगी, इसका खुलासा वही करेंगे। जल्द ही यह सामने आ जाएंगी।
बता दें कि आगरा बैराज के लिए एएसआई (भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण) ताजमहल के पीछे सिंचाई विभाग को जलस्तर 146 मीटर रखने के लिए एनओसी दे चुका है। एएसआई की एनओसी के बाद ही सिंचाई विभाग आगरा बैराज की योजना की फाइल लखनऊ में फिर से मुख्यमंत्री के सामने रखने वाला है।