सर्दी का असर, गर्म कपड़ों में कैद लोग
- फोटो : अमर उजाला
उत्तर प्रदेश के सर्द शहरों की सूची में मंगलवार को आगरा टॉप 10 में बना रहा। अलीगढ़ प्रदेश में 11.6 डिग्री के साथ सबसे सर्द और आगरा 17.4 डिग्री तापमान के साथ दसवें नंबर पर रहा। मंगलवार को भी लगातार दूसरे दिन सुबह घने कोहरे से दिन की शुरूआत हुई। घने कोहरे में दृश्यता 25 मीटर तक ही रही। एक्सप्रेसवे और हाईवे पर कोहरा और घना रहा, जिसका असर यातायात पर पड़ा। दोपहर में धूप खिली तो कोहरा छंटने लगा। हालांकि तापमान में सर्द हवा के कारण कोई कमी नहीं आई। मौसम विभाग के मुताबिक कल से कड़ाके की सर्दी शुरू हो जाएगी। बुधवार सुबह भी घना कोहरा छाया रह सकता है। न्यूनतम तापमान में दो डिग्री की गिरावट के आसार हैं।
मंगलवार को अधिकतम तापमान सामान्य से छह डिग्री सेल्सियस नीचे रहा। रात में पारा सामान्य से एक डिग्री नीचे है, लेकिन सोमवार के मुकाबले मंगलवार को तीन डिग्री सेल्सियस की गिरावट दिन के तापमान में आई। सुबह कोहरे के बाद 11 बजे से धूप खिली, लेकिन दोपहर में बादलों की लुकाछिपी शुरू हो गई। शाम को सर्द हवा चली, जिसने ठिठुरन बढ़ा दी। बीते साल के मुकाबले दिन में पारा लगभग बराबर रहा, जबकि रात के तापमान में एक डिग्री की कमी आई।
मौसम विभाग के पूर्वानुमान केंद्र के मुताबिक अगले बुधवार सुबह घना कोहरा छाया रह सकता है, लेकिन दोपहर में धूप से राहत मिल पाएगी। बृहस्पतिवार से कड़ाकेे की सर्दी शुरू होगी जो 30 जनवरी तक चलेगी। इस दौरान न्यूनतम तापमान 3 से 4 डिग्री तक रह सकता है। गलन और ठिठुरन बनी रहेगी। विदाई के वक्त जनवरी के अंत में फिर बारिश, बूंदाबांदी के आसार रहेंगे।