आगरा में सिकंदरा वाटर वर्क्स बिजली गुल होने के कारण आठ घंटे तक बंद रहा। इसके चलते वाटर वर्क्स से पोषित आधे शहर में रविवार की सुबह जलापूर्ति नहीं हो सकी। शाम को भी कई इलाकों में पानी का संकट छाया रहा। लोग भीषण गर्मी में पानी के लिए भटकते नजर आए। विभाग का दावा है कि सोमवार को जलापूर्ति सामान्य हो जाएगी।
सिकंदरा वाटर वर्क्स की बिजली सुबह चार बजे गुल हो गई, जो दोपहर 12 बजे तक दुरुस्त हो सकी। इस कारण सिकंदरा से पोषित इलाके आवास विकास कॉलोनी, सिकंदरा, बोदला, लॉयर्स कॉलोनी, निर्भय नगर, गैलाना, बाईंपुर, लोहामंडी, शाहगंज, केदार नगर, सराय ख्वाजा समेत आधे शहर में रविवार की सुबह नल नहीं आए। लोगों ने दोपहर में पानी न मिलने पर सबमर्सिबल पंपों से पानी का इंतजाम किया। तमाम लोग पानी के लिए भटकते रहे। जल निगम की ओर से टैंकर भी सप्लाई को नहीं भेजे गए। शाम को जलापूर्ति सुचारु होने का दावा किया गया लेकिन लोहामंडी, केदार नगर समेत कई इलाकों में शाम को भी पानी नहीं पहुंचा। जलकल के सचिव एसके श्रीवास्तव ने बताया कि दोपहर बाद जलाशय और ओवरहैड टैंक भरे गए हैं। इस कारण पानी की किल्लत रही है। सोमवार की सुबह तक जलापूर्ति सामान्य हो सकेगी।
पानी के लिए भटकना पड़ा
आवास विकास कॉलोनी में दोपहर तक पानी नहीं आया। पड़ोस से पानी का इंतजाम करना पड़ा। भीषण गर्मी में भी आए दिन जल संकट रहता है। -रामपाल सिंह, आवास विकास कॉलोनी
देर शाम पानी आया मगर प्रेशर कम
सिकंदरा में सुबह पानी नहीं आया। देर शाम को पानी मिला मगर प्रेशर बेहद कम था। इस कारण घर की टंकियां नहीं भर सकीं। टैंकर भी नहीं आए। बबलू सिंह, सिकंदरा
पूरे दिन नहीं मिल सका पानी
रविवार को सुबह से शाम तक पानी नहीं मिल सका है। पहले सोचा था कि लीकेज के कारण दिक्कत होगी मगर कहीं लीकेज भी नहीं था। पार्षद से संपर्क किया तब पता चला कि बिजली गुल होने के कारण पानी नहीं मिल सका है। मोनी पारीक, लोहामंडी