फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

नया खुलासा: चार साल में घट गईं 2.25 लाख महिला वोटर, आगरा का जेंडर रेशियो 11 अंक गिरा; बाह सबसे पीछे

Thu, 19 Nov 2026 09:49 AM IST
Dhirendra Singh अमर उजाला न्यूज नेटवर्क, आगरा

सार

आगरा की मतदाता सूची में 2022 के मुकाबले महिला मतदाताओं का लिंगानुपात 841 से घटकर 830 रह गया है। अब हर हजार पुरुष मतदाताओं पर केवल 830 महिलाएं पंजीकृत हैं, जबकि बाह विधानसभा क्षेत्र 802 के अनुपात के साथ सबसे पीछे है।
 
विज्ञापन
महिला वोटर। संवाद। - फोटो : Archive
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

 जिले की मतदाता सूची में वर्ष 2022 के मुकाबले न केवल महिला और पुरुष मतदाताओं की संख्या घटी है, बल्कि लिंगानुपात (जेंडर रेशियो) में भी बड़ी गिरावट दर्ज की गई है। निर्वाचन विभाग द्वारा 9 नवंबर को जारी ताजा निर्वाचक नामावली के अनुसार अब जिले में प्रति हजार पुरुष मतदाताओं पर सिर्फ 830 महिला मतदाता ही पंजीकृत हैं। वर्ष 2022 के विधानसभा चुनाव के दौरान जेंडर रेशियो 841 था। इस तरह चार वर्षों के अंतराल में प्रति हजार पुरुषों पर 11 महिला मतदाता कम हो गई हैं।
विज्ञापन


तुलनात्मक आंकड़ों पर गौर करें तो वर्ष 2022 में जिले के सभी नौ विधानसभा क्षेत्रों में 18.88 लाख पुरुष और 15.88 लाख महिला मतदाता पंजीकृत थीं। इसके विपरीत 9 नवंबर की स्थिति के अनुसार जारी सूची में अब 16,43,113 पुरुष और 13,63,106 महिला मतदाता ही रह गए हैं, जबकि 83 थर्ड जेंडर मतदाता भी शामिल हैं। आंकड़ों से साफ है कि पिछले चार वर्षों में पुरुष मतदाताओं की संख्या में करीब 2.45 लाख और महिला मतदाताओं की संख्या में लगभग 2.25 लाख की कमी आई है।

हालांकि, 10 अप्रैल को हुए अंतिम प्रकाशन के बाद चलाए गए निरंतर पुनरीक्षण अभियान में 17,943 पुरुष और 25,940 महिला मतदाताओं का इजाफा हुआ है लेकिन यह बढ़ोतरी 2022 के आंकड़ों की भरपाई करने में नाकाफी साबित हुई है। नए युवा मतदाताओं के पंजीकरण में भी युवतियों की भागीदारी युवकों के मुकाबले कम रही है। 18 से 19 वर्ष आयु वर्ग के नए जुड़े वोटरों में 30,132 युवक हैं, जबकि युवतियों की संख्या महज 20,625 ही है। युवा महिला मतदाताओं को जोड़ने में भी बाह (1,444 युवतियां) सबसे पीछे और एत्मादपुर (4,454 युवतियां) सबसे आगे रहा है।
विज्ञापन


कहीं भी 900 के पार नहीं जेंडर रेशियो
किसी भी क्षेत्र में प्रति हजार पुरुषों पर महिला मतदाताओं का आंकड़ा 900 के पार नहीं पहुंच सका है। आगरा उत्तर 863 के लिंगानुपात (1,82,876 पुरुष और 1,57,852 महिलाएं) के साथ शीर्ष पर है। आगरा दक्षिण में 845 (1,51,367 पुरुष और 1,27,863 महिलाएं) और आगरा छावनी में लिंगानुपात 834 (1,85,672 पुरुष और 1,54,796 महिलाएं) है। ग्रामीण अंचल वाले विधानसभा क्षेत्रों में एत्मादपुर 843 के लिंगानुपात (2,32,225 पुरुष और 1,95,817 महिलाएं) के साथ सबसे आगे है। फतेहपुर सीकरी में 823 (1,83,502 पुरुष और 1,51,006 महिलाएं), आगरा ग्रामीण में 820 (2,09,527 पुरुष और 1,71,901 महिलाएं), फतेहाबाद में 817 (1,64,654 पुरुष और 1,34,580 महिलाएं) और खेरागढ़ में 814 (1,70,443 पुरुष और 1,38,707 महिलाएं) का अनुपात है। सबसे चिंताजनक स्थिति बाह विधानसभा क्षेत्र की है, जो 802 के लिंगानुपात (1,62,847 पुरुष और 1,30,584 महिलाएं) के साथ पूरे जिले में सबसे निचले पायदान पर है।
विज्ञापन


 
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें