यूपी के मैनपुरी जिले की एक किशोरी के साथ गैंगरेप का वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है। घिरोर क्षेत्र के एक परिवार ने वीडियो में दिख रही किशोरी को अपनी पुत्री बताया है।
छह माह पूर्व वह गायब हो गई थी। मामले को गंभीरता से लेते हुए एएसपी ने साइबर एक्सपर्ट्स को वीडियो की सत्यता जांचने का निर्देश दिया है। वहीं किशोरी का जल्द पता लगाने के लिए टीमों को लगाया है।
थाना घिरोर क्षेत्र से एक 16 वर्षीय किशेरी छह माह पहले लापता हो गई थी। इसका अभियोग भी थाने में पंजीकृत कराया गया। पुलिस बरामदगी के नाम पर टाल मटोल करती रही।
यूपी पुलिस
उधर पीड़ित मां बाप अधिकारियों से लेकर दीवानी तक के चक्कर लगा रहे हैं। बुधवार को एएसपी ओमप्रकाश सिंह से मिलने पहुंचे पीड़ित दंपती ने बताया कि एक वीडियो में उनकी पुत्री नजर आ रही है।
वीडियो किशोरी के साथ सामूहिक दुष्कर्म का है। उसमें दिख रहे आरोपियों में से युवक वीडियो बना रहा था। वहीं दो अन्य साथी पास ही मौजूद थे।
वीडियो के सामने आने के बाद एएसपी ने तुरंत ही साइबर एक्सपर्ट को सच्चाई जानने के काम में लगा दिया। वहीं पीड़ित दंपती का कहना है कि जिस लड़की के साथ गैंगरेप का वीडियो सामने आया है वह उन्हीं की बेटी है।
मामला दर्ज कराया था
दंपती का कहना है कि उनकी बेटी छह माह पहले लापता हो गई थी उसे नामजद लोग ले गए थे। मामला भी दर्ज कराया था, लेकिन थाना पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की।
एएसपी आशीष दीक्षित ने बताया कि वीडियो की जांच कराई जा रही है। वीडियो कहां का है, जो लड़की दिख रही है क्या वह वाकई में दंपती की पुत्री है। यह सब जांच के बाद ही पता चल सकेगा।