डॉ. भीमराव आंबेडकर विश्वविद्यालय की 17 जून से कराई जा रही एमएससी कृषि की परीक्षाओं का नेशनल स्टूडेंट्स यूनियन ऑफ इंडिया (एनएसयूआई) ने शुक्रवार को विरोध किया। छात्रों के साथ पहुंचे छात्रनेताओं की कुलसचिव के साथ नोकझोंक हुई। इसके कुछ घंटे बाद संशोधित परीक्षा कार्यक्रम जारी किया गया।
विश्वविद्यालय प्रशासन 17 जून से एमएससी कृषि की द्वितीय और चतुर्थ सेमेस्टर की परीक्षाएं शुरू करा रहा है। परीक्षा कार्यक्रम के अनुसार परीक्षाएं 21 जून तक संचालित कराने की योजना थी। छात्रनेता अंकुश गौतम और गौरव शर्मा के नेतृत्व में छात्र परीक्षा नियंत्रक से मिलने पहुंचे। आरोप लगाया कि परीक्षा नियंत्रक पीछे के दरवाजे से निकल गए।
ये भी पढ़ें - Ahmedabad Plane Crash: पत्नी के जन्मदिन पर जा रहे थे लंदन...भयानक प्लेन क्रैश और आखिरी सफर, DNA से होगी पहचान
परीक्षा नियंत्रक कार्यालय में देर तक बैठने के बाद सभी कुलसचिव के पास पहुंचे। वहां तीखी बहस हुई। अन्य अधिकारियों ने हस्तक्षेप कर मामला शांत कराया। छात्रों ने बताया कि परीक्षा 17 जून से शुरू होनी है और 21 जून को समाप्त होगी। किसी भी पेपर के बीच में एक भी दिन का गैप नहीं है।
अब 17 से 25 जून तक परीक्षाएं
परीक्षा नियंत्रक डॉ. ओमप्रकाश ने बताया कि छात्रों की समस्या को देखते हुए संशोधित डेटशीट जारी की गई है। अब परीक्षा 17 जून से शुरू होकर 25 जून को समाप्त होगी। पहला पेपर 17 को होगा। इसके बाद 19, 21, 23 और अंतिम पेपर 25 को होगा।
ये भी पढ़ें - UP Weather: यूपी में इस तारीख से सक्रिय होगा मानसून...भीषण गर्मी और लू से मिलेगी राहत, सबसे गर्म रहा ये जिला
हेल्प डेस्क पर हो ग्रीन नेट और पानी
एनएसयूआई के कार्यकर्ताओं ने कुलसचिव से मांग की है कि विश्वविद्यालय के बाहर बनी हेल्प डेस्क पर रोजाना सैकड़ों छात्र समस्या लेकर आते हैं। उन्हें गर्मी और कड़ी धूप में देर तक कतार में लगे रहना पड़ता है। हेल्प डेस्क पर ग्रीन नेट और पानी की समुचित व्यवस्था की जाए।