डॉ. भीमराव आंबेडकर विश्वविद्यालय ने सोमवार को राष्ट्रीय शिक्षा नीति (एनईपी–2020) के तहत स्नातक एवं परास्नातक का सेमेस्टर परीक्षा कार्यक्रम जारी किया है। परीक्षाएं 21 नवंबर से 20 दिसंबर तक होंगी।
परीक्षा नियंत्रक डॉ. ओमप्रकाश ने बताया कि सह पाठ्यक्रम विषयों की परीक्षा ओएमआर शीट पर आधारित होगी, जिसकी अवधि दो घंटे की होगी। वहीं, स्नातक स्तर पर सभी मेजर व माइनर विषयों की परीक्षाएं वर्णनात्मक (लिखित) स्वरूप में आयोजित की जाएंगी। उनकी समयावधि भी दो घंटे निर्धारित की गई है।
स्नातक और परास्नातक दोनों स्तरों के प्रश्नपत्रों का प्रारूप विश्वविद्यालय ने परीक्षा कार्यक्रम के साथ जारी किया है। यह वेबसाइट पर उपलब्ध है। इसके अतिरिक्त, अंक सुधार (इम्प्रूवमेंट) के इच्छुक विद्यार्थी केवल एक प्रश्नपत्र में सम्मिलित हो सकेंगे। विश्वविद्यालय प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि छात्र जारी दिशा-निर्देशों को ध्यानपूर्वक पढ़ें और उन्हीं के अनुसार परीक्षा में सम्मिलित हों।