डॉ. भीमराव आंबेडकर विश्वविद्यालय
- फोटो : अमर उजाला
डॉ. भीमराव आंबेडकर विश्वविद्यालय प्रशासन ने अभी तक राष्ट्रीय मूल्यांकन व प्रत्यायन परिषद (नैक) के निरीक्षण के लिए सेल्फ स्टडी रिपोर्ट (एसएसआर) नहीं भेजी है। मई 2022 में विश्वविद्यालय को नैक से प्राप्त ग्रेडिंग की अवधि समाप्त हो चुकी है। विश्वविद्यालय नैक टीम का निरीक्षण कराने के लिए तैयारी करीब छह माह से कर रहा है। नैक के पोर्टल पर एसएसआर फीड अभी तक नहीं कर पाया है।
2017 में नैक टीम का कराया था निरीक्षण
विश्वविद्यालय प्रशासन ने वर्ष 2017 में नैक टीम का निरीक्षण कराया था। बी-प्लस प्लस ग्रेड मिला था। निरीक्षण के लिए प्रभारी कुलपति संस्थानों और विभागों से पॉवर प्वाइंट प्रेजेंटेशन ले चुके हैं। एक बार राजभवन में भी प्रस्तुतीकरण दिया जा चुका है। नैक के विशेषज्ञों के माध्यम से शिक्षकों को प्रशिक्षण भी दिया गया है। 12 अगस्त को दोबारा राजभवन में प्रस्तुतीकरण देना है।
दिसंबर तक नैक के पोर्टल पर फीड किया जाएगा एसएसआर
विश्वविद्यालय के इंटरनल क्वालिटी एश्योरेंस सेल (आईक्यूएसी) के निदेशक प्रो. वीके सारस्वत ने बताया कि एसएसआर के संबंध में सभी विभागों से नैक के सातों मानकों पर 31 जुलाई तक जानकारी मांगी है। सभी से रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद दिसंबर तक नैक के पोर्टल पर एसएसआर फीड किया जाएगा। राजभवन में भी प्रस्तुतीकरण देने की तैयारी चल रही है।