डॉ. भीमराव आंबेडकर विश्वविद्यालय से संबद्ध 12 नर्सिंग कॉलेज के बीएससी द्वितीय वर्ष की पुनर्परीक्षा 10 फरवरी से होनी है। 8 फरवरी तक छात्र-छात्राएं परीक्षा फॉर्म भर सकेंगे। आवेदन कॉलेज के माध्यम से किया जाएगा।
बीएससी नर्सिंग सत्र 2018-2019 और 2019-2020 के छात्रों ने परीक्षा परिणाम में गड़बड़ी का आरोप लगाते हुए दो दिन प्रदर्शन किया था। इसके बाद विवि प्रशासन ने अनुत्तीर्ण छात्रों की परीक्षा का कार्यक्रम जारी किया। डॉ. भीमराव आंबेडकर विश्वविद्यालय में परीक्षा, परिणाम और अंक तालिकाओं को लेकर आए दिन छात्र-छात्राएं प्रदर्शन कर रहे हैं।
बीएससी नर्सिंग के साढ़े चार साल के कोर्स को पूरा करने में सात साल से अधिक गुजर चुके हैं लेकिन कोर्स अधूरा है। इधर विश्वविद्यालय प्रशासन बीएससी तृतीय और चतुर्थ के परिणाम विवि घोषित कर चुका है। साथ ही द्वितीय वर्ष पुनर्परीक्षा का कार्यक्रम भी जारी कर दिया है।परीक्षाएं 10 फरवरी से विवि के पालीवाल पार्क स्थित पं. दीनदयाल उपाध्याय ग्राम्य विकास संस्थान में होंगी।
परीक्षा नियंत्रक डॉ. ओमप्रकाश ने बताया कि इस परीक्षा में आगरा-अलीगढ़ मंडल के कुल 12 कॉलेजों के छात्र-छात्राएं शामिल होंगे। इसके लिए संबंधित काॅलेजों के प्राचार्यों के साथ बैठक कर सभी जानकारी दे दी गई है।
ये हैं परीक्षा कार्यक्रम
तारीख विषय
10 फरवरी सोशलॉजी
11 फरवरी फार्माकोलॉजी एंड पैथोलॉजी जेनेटिक्स
13 फरवरी मेडिकल सर्जिकल नर्सिंग-1
14 फरवरी कम्यूनिटी हेल्थ नर्सिंग-1
15 फरवरी टेक्नोलॉजी