डा. भीमराव अंबेडकर विश्वविद्यालय ने निकाय चुनाव के चलते बीएड सत्र 2016-18 की परीक्षा टाल दी है। प्रथम वर्ष की परीक्षा 11 नवंबर से 25 नवंबर तक प्रस्तावित थी। साथ ही पुनर्परीक्षा/पूर्व परीक्षा 2016 नया कोर्स (बैच 2015-17) भी होनी थी। अब बीएड की संबंधित परीक्षाएं आठ दिसंबर से कराई जाएंगी।
विश्वविद्यालय के जनसंपर्क अधिकारी डा. गिरजाशंकर शर्मा का कहना है कि जल्द परीक्षाओं का नया कार्यक्रम जारी कर दिया जाएगा। परीक्षा की तिथि परिवर्तन के संबंध में जानकारी परीक्षा नियंत्रक केएन सिंह की ओर से विश्वविद्यालय की वेबसाइट पर भी डाल दी गई है।
बीएड की परीक्षा आगरा और अलीगढ़ मंडल के 42 नोडल सेंटरों पर होनी है। राजकीय और एडेड कालेजों में सेंटर बनाए गए हैं। परीक्षा में 435 कालेजों के 25 हजार परीक्षार्थी पंजीकृत हैं। परीक्षा केंद्रों में अभी तक कोई बदलाव नहीं किया गया है।