आगरा में मतदाता सूची में महिलाओं की संख्या बढ़ाने और लिंगानुपात सुधारने के लिए आंगनबाड़ी केंद्रों और राशन की दुकानों की मदद ली जाएगी। इनके माध्यम से छूटी हुई पात्र महिलाओं की पहचान कर उनके फॉर्म भरवाए जाएंगे।
{{#eligible}}
सभी खबरें बिना रुकावट पढ़ने के लिए
अमर उजाला एप डाउनलोड करें
आगरा में मतदाता लिंगानुपात बढ़ाने के लिए अब आंगनबाड़ी केंद्रों और राशन की दुकानों के माध्यम से छूटी हुई पात्र महिलाओं के नाम चिह्नित कर मतदाता सूची में जोड़े जाएंगे। शुक्रवार को भारत निर्वाचन आयोग के वरिष्ठ उप निर्वाचन आयुक्त मनीष गर्ग ने कलेक्ट्रेट और सदर तहसील में स्थापित ईवीएम डिमॉन्स्ट्रेशन सेंटर का निरीक्षण कर मतदाता पंजीकरण के कार्यों की समीक्षा की।
विज्ञापन
Trending Videos
उन्होंने महिला व युवा मतदाताओं के पंजीकरण को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। उनके साथ मंडलायुक्त नगेंद्र प्रताप और जिला निर्वाचन अधिकारी मनीष बंसल भी मौजूद रहे। विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण-2027 के तहत जिले में महिला मतदाताओं की संख्या बढ़ाने और लिंगानुपात सुधारने के लिए आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं व राशन डीलरों के नेटवर्क का उपयोग कर पात्र महिलाओं की पहचान व फॉर्म भरवाने की रणनीति पर जोर दिया जा रहा है।
निरीक्षण के दौरान वरिष्ठ उप निर्वाचन आयुक्त ने कहा कि मतदाता सूची को शुद्ध, अद्यतन और त्रुटिरहित बनाया जाए तथा कोई भी पात्र नागरिक जुड़ने से वंचित न रहे। उन्होंने विशेष रूप से महिला मतदाताओं के साथ ही एक जनवरी 2027 को 18 वर्ष की आयु पूरी करने वाले सभी पात्र युवाओं का नाम सूची में शामिल करने के निर्देश दिए।
इससे पहले उन्होंने कलेक्ट्रेट व सदर तहसील स्थित ईवीएम डिमॉन्स्ट्रेशन सेंटर पर ईवीएम और वीवीपैट की कार्यप्रणाली देखी तथा आमजन को दी जा रही जानकारी व प्रदर्शन व्यवस्थाओं का जायजा लिया। सदर तहसील में दयालबाग निवासी जय सिंह तोमर और बरौली निवासी गुड्डी देवी ने उनके सामने स्वयं ईवीएम का बटन दबाकर मतदान प्रक्रिया का अभ्यास किया और वीवीपैट से मत की पुष्टि की प्रक्रिया को समझा।
इसके बाद उन्होंने जीआईसी (बूथ 184-187), होलमेन इंस्टीट्यूट (बूथ 05-09) और कलाल खेड़िया के प्राथमिक विद्यालय (बूथ 384-387) स्थित मतदाता हेल्प डेस्क का निरीक्षण किया। बीएलओ से बातचीत कर फॉर्म-6, 7 और 8 के आवेदनों के संग्रहण तथा डिजिटाइजेशन की प्रगति जानी और उनके कार्यों की सराहना की।
उन्होंने कहा कि नागरिकों के लिए ऑनलाइन व ऑफलाइन माध्यम से नाम जोड़ने के लिए फॉर्म-6, आपत्ति या नाम हटाने के लिए फॉर्म-7 और संशोधन या पते में बदलाव के लिए फॉर्म-8 की सुविधा है। इस मौके पर एडीएम यमुनाधर चौहान, संदीप कुमार वर्मा, प्रशांत कुमार, एसडीएम विक्रम सिंह राघव, नरेंद्र गंगवार और नायब तहसीलदार अनिल चौधरी समेत अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।