आगरा। दिव्यांग खिलाड़ियों के लिए क्रिकेट का मैदान अगस्त माह में नई उम्मीद और नई पहचान बनेगा। आईपीएल की तर्ज पर होने वाली दिव्यांगजन क्रिकेट लीग के लिए बड़ा मंच तैयार हो रहा है। 3 अगस्त को उद्घाटन समारोह के साथ इस ऐतिहासिक आयोजन का आगाज होगा।
बमरौली कटारा स्थित जेबी क्रिकेट ग्राउंड पर 4 से 9 अगस्त तक छह फ्रेंचाइजी टीमें खिताब के लिए भिड़ेंगी। हर टीम में दो-दो विदेशी खिलाड़ियों की मौजूदगी इस लीग को अंतरराष्ट्रीय रंग देगी। आयोजन समिति से जुड़े सत्येंद्र सिंह राणा का दावा है कि यह देश का अपनी तरह का पहला टूर्नामेंट है, जिसे आईपीएल की तर्ज पर फ्रेंचाइजी मॉडल पर आयोजित किया जा रहा है। पहली बार यह बड़ा आयोजन होगा। यह लीग यह संदेश भी देगी कि प्रतिभा और जुनून के सामने शारीरिक सीमाएं कभी बाधा नहीं बनतीं।