एक सप्ताह से कूड़ा जलाने की घटनाएं शहर में बढ़ी थीं, ऐसे में शहर में प्रदूषण के स्तर में लगातार बढ़ोतरी हुई, लेकिन शनिवार को यह खतरनाक स्तर पर पहुंच गया। दरअसल, जहां पर प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड का आटोमेटिक स्टेशन लगा हुआ है, उसके आसपास ही कूड़ा भारी मात्रा में जलाया गया।
संजय प्लेस में सबस्टेशन के पीछे रातभर कूड़ा जला, वहीं हरीपर्वत रेलवे पुल पर कपड़ों और चमड़े की कतरन में आग लगी रही, जिससे काला धुंआ आटो-मेटिक स्टेशन की तरफ ही निकला। इधर, पंचकुइयां पर जीआईसी मैदान के पास बनाए गए डंपिंग जोन में भी रात में कूड़े में आग लगा दी गई थी। यह आग इतनी विकराल हो उठी कि फायर ब्रिगेड को बुलाकर बुझानी पड़ी।