एटा के कोतवाली देहात क्षेत्र स्थित जाबड़ा चौकी के पास हजारा नहर की पटरी पर मंगलवार शाम को एक कार लावारिस हाल में खड़ी मिली। जबकि इससे आया युवक लापता है। युवक आगरा का रहने वाला बताया गया है। पुलिस ने कार में मिले दस्तावेज के आधार पर उसके परिजनों को सूचना दी।
पुलिस ने सूचना पर कार का शीशा तोड़कर देखा तो इसमें लैपटॉप बैग, मोबाइल फोन, पेन कार्ड, आधार कार्ड और पर्स मिला। इससे मिली जानकारी के आधार पर परिजनों से संपर्क किया गया। कार अंचल तिवारी निवासी गोविंद सिंह नगर आगरा की बताई गई है। अंचल सॉफ्टवेयर इंजीनियर है।
चाचा ने थाने में दी तहरीर
युवक के चाचा राजेंद्र बाबू तिवारी ने कार मिलने के बाद मंगलवार को कोतवाली देहात पुलिस को गुमशुदगी दर्ज करने के लिए तहरीर दी है। थाना प्रभारी सुनील कुमार ने बताया कि कार नहर की पटरी पर सोमवार से खड़ी थी। आज सूचना मिली तो कार का शीशा तोड़कर देखा गया। उसमें रखे लैपटॉप बैग में कपड़े मिले हैं।
कागजातों के आधार पर परिजनों से संपर्क किया गया। परिजनों ने बताया कि अंचल के पिता की चार माह पहले मौत हुई थी। तब से वह तनाव में रह रहा था। चार दिसंबर को घर से निकला था। वापस घर न पहुंचने पर तलाश किया गया, लेकिन कोई जानकारी नहीं हो सकी।