प्रेमिका को गोली मारी, फिर खुद भी दे दी जान
- फोटो : अमर उजाला
आगरा के सदर के रोहता स्थित निर्माणाधीन सफायर कॉलोनी में बीएससी छात्रा को गोली मारकर घायल करने के बाद आत्महत्या करने वाला अरुण अकेला नहीं था। वह अपने एक दोस्त के साथ घटनास्थल पर आया था। पुलिस की जांच में सामने आया है कि दोस्त को अरुण के इरादों की पहले से कोई जानकारी नहीं थी।
इटौरा, मलपुरा निवासी अरुण सिनसिनवार सैंया टोल पर काम करता था। बुधवार दोपहर को उसने सदर क्षेत्र की 21 वर्षीय छात्रा को सफायर कॉलोनी के गेट पर गोली मारकर घायल किया। इसके बाद गोली मारकर आत्महत्या कर ली थी। पुलिस ने घटनास्थल पर लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले। पता चला कि अरुण टोल पर काम करने वाले अपने दोस्त के साथ आया था। दोनों अलग-अलग बाइक पर थे।
फुटेज में अरुण बाइक पर आगे जा रहा था। पीछे से छात्रा अपनी बहन के साथ स्कूटी से आती दिखी। दोस्त उनके पीछे बाइक पर आ रहा था। अरुण और युवतियों के कॉलोनी के गेट पर आने पर दोस्त पहले ही रुक गया। तभी अचानक अरुण ने छात्रा पर तमंचे से गोली चलाकर अंदर प्रवेश किया। बाहर खड़े दोस्त ने दूसरी गोली की आवाज सुनी और घबराकर भाग गया। छात्रा की बहन ने अपने भाई को फोन कर बुलाया। भाई घायल बहन को लेकर अस्पताल चला गया।
उधर, मृतक अरुण के भाई ने थाना सदर में तहरीर दी। उसने भाई के साथ साजिश का आरोप लगाया लेकिन पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज नहीं की। दोस्त को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई, जिससे युवक के साथ किसी घटना की बात सामने नहीं आई। बृहस्पतिवार को शव परीक्षण के बाद अरुण के शव का पुलिस की मौजूदगी में अंतिम संस्कार किया गया।
एसीपी सदर अमीषा सिंह ने बताया कि छात्रा का दिल्ली में इलाज चल रहा है। परिजन ने कोई तहरीर नहीं दी है। उसके होश में आने पर बयान दर्ज किए जाएंगे। सीसीटीवी फुटेज से साफ हुआ कि युवक ने ही तमंचे से गोली चलाई थी। उसका दोस्त भी साथ आया था। पूरे मामले में जांच की जा रही है।
पुलिस के कड़े पहरे में हुआ अरुण सिनवार का अंतिम संस्कार
रोहता की सफायर कॉलोनी में बुधवार को बीएससी छात्रा को गोली मारने के बाद आत्महत्या करने वाले टोलकर्मी अरुण सिनवार का शव बृहस्पतिवार शाम करीब 3:00 बजे गांव पहुंचा। इसके बाद करीब 4:30 बजे श्मशान घाट में पुलिस की मौजूदगी में अंतिम संस्कार कर दिया गया। मृतक अरुण को उसके 2 वर्षीय पुत्र तरुण और भाई हरिओम ने मुखाग्नि दी।
बुधवार दोपहर अरुण सिंह सिनवार ने एक छात्रा की गर्दन में गोली मार दी थी, जिसे गंभीर हालत में दिल्ली रेफर किया गया है। वारदात के बाद अरुण ने खुद को भी गोली मारकर जान दे दी थी। पुलिस ने मौके से तमंचा व कारतूस बरामद कर सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस छात्रा और अरुण के बीच संबंधों समेत सभी बिंदुओं पर पड़ताल कर रही है। बृहस्पतिवार को पोस्टमार्टम के बाद शव गांव पहुंचते ही कोहराम मच गया। इसके बाद थाना प्रभारी मलपुरा निरीक्षक राजीव कुमार, निरीक्षक सचिन जावला, चौकी प्रभारी बिंदु कटरा, चौकी प्रभारी सौदागर लाइन और चौकी प्रभारी ककुआ की मौजूदगी में अंतिम संस्कार संपन्न कराया गया।