आगरा में सावन के तीसरे सोमवार को महताब बाग में घुसकर अखिल भारतीय हिंदू महासभा के सदस्यों ने ताज की आरती का दावा किया। एएसआई के संरक्षित स्मारक महताब बाग में यमुना किनारे पहुंचकर उन्होंने ताजमहल को मंदिर करार देते हुए पूजा की और गंगाजल अर्पित किया। शिव चालीसा का पाठ करके भगवा झंडा भी लहराया गया।
भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण ने इस मामले में एत्माद्दौला पुलिस को प्राथमिकी दर्ज कराने के लिए शिकायत दी है। संगठन के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष अज्जू चौहान ने कार्यकर्ताओं का नेतृत्व किया। अज्जू चौहान ने कहा कि महासभा ताज को तेजोमहालय मानता है। उनके साथ मनीष पंडित, हर्ष पंडित, नंदू ने शिव चालीसा पढ़ा और गंगाजल अर्पित किया। वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
एएसआई के मुताबिक संरक्षित स्मारक महताब बाग में आरती उतारना, धार्मिक झंडा दिखाने की घटनाओं के जरिए नियमों का उल्लंघन किया गया है। प्राचीन संस्मारक, पुरातत्वीय स्थल और अवशेष नियम 1959 के 8 (एफ) के तहत कार्रवाई करने की मांग की गई है।
जंगल की ओर से दीवार फांदकर गए
वरिष्ठ संरक्षण सहायक अंकित नामदेव ने बताया कि मुख्य प्रवेश द्वार से केवल दो लोग गए, जबकि अन्य जंगल की ओर से दीवार फांदकर प्रवेश कर गए। सीसीटीवी और कर्मचारियों से पूछताछ के बाद प्राथमिकी के लिए थाना पुलिस को पत्र भेजा है।