आगरा की नई टाउनशिप अटलपुरम में कन्वेंशन सेंटर का निर्माण तीसरे चरण में होगा। यहां पर ऊपर होटल और नीचे ऑडिटोरियम हॉल होगा। कंसल्टेंट फर्म मैसर्स सिक्का ड्राइंग, डिजाइन और वैचारिक मॉडल तैयार कर रही है।
पर्यटन नगरी में लंबे समय से एक अंतरराष्ट्रीय स्तर के कन्वेंशन सेंटर की कमी खल रही थी। इसके लिए विकास प्राधिकरण ने पहले इनर रिंग रोड किनारे एत्मादपुर मदरा में 7.4418 हेक्टेयर में 140 करोड़ की लागत से विश्वस्तरीय कन्वेंशन सेंटर निर्माण का प्रस्ताव रखा था। जिसे अब अटलपुरम में शिफ्ट किया गया है। भांडई में विकसित हो रही नई टाउनशिप में सार्वजनिक उपयोग के 5000 वर्ग मीटर के भूखंड पर कन्वेंशन सेंटर का निर्माण होगा।
मंडलायुक्त की अध्यक्षता में एडीए बोर्ड से भूमि परिवर्तन का प्रस्ताव पास होने के बाद कन्वेंशन सेंटर आकार लेने लगेगा। प्राधिकरण ने इसके लिए सिक्का एसोसिएट्स को कंसल्टेंट नियुक्त किया है। अधिशासी अभियंता आरआरपी सिंह ने बताया कि वैचारिक मॉडल के बाद इसका निर्माण होगा। तीसरे चरण का उत्तर प्रदेश रियल एस्टेट रेगुलेटरी अथॉरिटी (यूपी-रेरा) में पंजीकरण कराया जा रहा है।
12 किमी. दूर से दिखेगा ताजमहल
ग्वालियर हाईवे पर स्थित ककुआ और भांडई में लांच होने जा रही नई टाउनशिप अटलपुरम की ताजमहल से दूरी करीब 12 किलोमीटर है। ऐसे में कन्वेंशन सेंटर में बनने वाले होटल के कमरों से ताजमहल दिखाई देगा। ताज व्यू के नाम से होटल में सुइट्स बनेंगे। इससे पर्यटक भी आकर्षित होंगे।