एयरलाइंस कंपनी में नौकरी दिलाने के नाम पर हल्द्वानी के युवक को आगरा के मिंटू गैंग ने ठगा था। हल्द्वानी पुलिस ने आगरा और मथुरा के तीन साइबर ठगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस को इनसे चार मोबाइल सिम, एक बैंक पासबुक, एक एटीएम कार्ड, कई युवाओं के अभिलेख मिले हैं। उधर, हल्द्वानी के एसपी देवेंद्र पींचा ने पुलिस टीम को पांच हजार रुपये इनाम देने की घोषणा की है।
चंपावत जिले के चंदनी गांव निवासी त्रिभुवन चंद से इसी वर्ष फरवरी में इंडिगो एयरलाइंस में नौकरी दिलाने के नाम पर 2.55 लाख रुपये ठगे गए थे। उनकी पत्नी ज्योति चंद की तहरीर के आधार पर बनबसा थाने में धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज हुआ।
एसपी देवेंद्र पींचा ने महिला एसआई मंदाकिनी राणा को जांच सौंपी। ज्योति ने पुलिस को बताया था कि उसके पति त्रिभुवन ने इंडिगो एयरलाइंस का विज्ञापन देख अपना बॉयोडाटा भेजा था। इसके बाद उन्हें तीन व्यक्तियों ने फोन कर खुद को इंडिगो एयरलाइंस में कई पदों पर तैनात अधिकारी बताया और नौकरी दिलाने का झांसा देकर 2.55 लाख रुपये ठग लिए।
यह आरोपी हुए गिरफ्तार
पुलिस टीम ने सर्विलांस सेल, फोन, गूगल, पेटीएम, ऑनलाइन बैंकों की डिटेल, पूछताछ के माध्यम से साइबर ठगों का पता लगाया। आरोपियों के आगरा यूपी में होने के संकेत मिले। पुलिस ने तीन साइबर ठगों को आगरा के मलपुरा क्षेत्र से गिरफ्तार किया। सीओ अविनाश वर्मा ने बताया कि आरोपियों में थाना हाईवे, जिला मथुरा यूपी के ग्राम नगला शीतल निवासी हरेंद्र उर्फ मिंटू उर्फ रोहित (25), शाहगंज के रुई मंडी निवासी कृष्णा उर्फ करन (24) और मलपुरा के मुल्ला की प्याऊ निवासी नईमा (21) शामिल हैं।
तीनों साइबर ठग आगरा में मिंटू गैंग नाम से गैंग चलाते हैं। गैंग के सदस्य मोबाइल एप का पैकेज खरीदकर बेरोजगार युवकों को नौकरी दिलाने के बहाने से ठगते हैं। उनके खातों से लाखों रुपये का लेनदेन होना पाया गया है। यह लोग आगरा, दिल्ली से अपने गैंग चलाते हैं। उन्होंने कई अन्य राज्यों के युवाओं को ठगना स्वीकारा है।
एप से लेते थे डेटा
पुलिस के मुताबिक, आरोपी एक एप के माध्यम से बेरोजगार युवाओं का डाटा लेते थे। इसमें नाम, मोबाइल नंबर और किस नौकरी के लिए आवेदन किया है, यह पता चल जाता था। इसके बाद कॉल करते थे। अच्छे पैकेज पर नौकरी का आश्वासन देकर रकम जमा करा लेते थे। इसके बाद मोबाइल नंबर बंद कर लेते थे।