पिछले 10 माह 25 दिन में आगरा-मथुरा हाईवे (एनएच-19) ने 111 लोगों की जिंदगी लील ली। इसको देखते हुए अमर उजाला ने 4 नवंबर से जनता की आवाज बनकर हाईवे पर भारी वाहनों के प्रवेश पर दिन में रोक लगाने के लिए मुहिम शुरू की। अमर उजाला ने कब तक लाल होंगी सड़कें नाम शुरू किए गए अपने अभियान में बताया कि किस तरह से 400 करोड़ रुपये की लागत से बना 14 किलोमीटर लंबा उत्तरी बाईपास खाली पड़ा है। आम लोगों की जिंदगी से खिलवाड़ करके भारी वाहनों को शहर के बीच से निकाला जा रहा है।
हाईवे पर बेलगाम दौड़ते भारी वाहनों से रोजाना होने वाली मौतों का मुद्दा प्रमुखता से उठाया गया। इस अभियान से व्यापारी, चिकित्सक, शिक्षक, अभिभावक सहित पूरा शहर जुड़ता चला गया, जिसका असर यह हुआ कि जिला प्रशासन से लेकर पुलिस अधिकारियों को गंभीरता से विचार करना पड़ा।
इस अभियान और जनता के दबाव में पहले जिला प्रशासन ने टोल कम कराने का प्रस्ताव तैयार कराकर सरकार को भेजा। अब पुलिस कमिश्नरेट ने भारी वाहनों के शहरी सीमा में प्रवेश पर पूर्ण प्रतिबंध लगा दिया है। इस फैसले से हाईवे किनारे बसी 50 से अधिक कॉलोनियों, बाजारों और शहर की 25 लाख की आबादी को सीधे ताैर पर राहत मिलेगी।
समझिए पूरा नो-एंट्री जोन
- हाईवे और बाहरी कट : - एनएच-19 पर कुबेरपुर अंडरपास, मुड़ी चौराहा, खंदौली चौराहा, यमुना एक्सप्रेस-वे अंडरपास (खंदौली) और रैपुरा जाट दक्षिणी बाईपास से शहर में प्रवेश बंद।
- शहर की मुख्य सड़कें: एमजी रोड (भगवान टॉकीज से रोहता नहर), एमजी रोड-2 (अमरपुरा तिराहा से बोदला चौराहा), माल रोड व फतेहाबाद रोड (क्लब चौराहा से रमाडा अंडरपास तक)।
- यमुना किनारा व ताज क्षेत्र: वाटर वर्क्स से जीवनी मंडी, बेलनगंज, हाथीघाट, श्मशान घाट होते हुए पुरानी मंडी से ताज व्यू चौराहा तक। इसके अलावा एकता थाना तिराहा से अमर होटल तिराहा तक।
- जयपुर रोड (महुअर अंडरपास से पृथ्वीनाथ फाटक) : गुरुद्वारा गुरु का ताल से भावना टावर-मदिया कटरा, भावना टावर से करकुंज चौराहा, सिकंदरा से कारगिल-बोदला होते हुए मारुति एस्टेट, सिकंदरा आरओबी अंडरपास से कारगिल की ओर, मलपुरा नहर से खेरिया मोड़।
- संपर्क मार्ग और पुराने बाजार: एनएच-19 से शहर में आने वाले सभी कट (शाहदरा चुंगी से नुनिहाई व टेढ़ी बगिया, बल्केश्वर, कमला नगर, मुगल रोड, दयालबाग, केंद्रीय हिंदी संस्थान, केके नगर)। इसके अलावा बिजलीघर से स्ट्रैची ब्रिज, चिम्मनपुड़ी से रावतपाड़ा और सदर भट्टी से हींग की मंडी-कोतवाली रोड तक भी प्रतिबंध रहेगा।
पहली बार इन वाहनों पर भी शिकंजा
शहर की सीमा में सुबह 5 से रात 11 बजे तक ट्रैक्टर-ट्रॉली के प्रवेश पर पहली बार रोक लगाई गई है। ये एमजी रोड-1 व 2, यमुना किनारा, माल रोड, फतेहाबाद रोड, नुनिहाई और एत्माद्दौला की तरफ नहीं जा सकेंगे।
भगवान टॉकीज से क्लब चौराहा (एमजी रोड) के बीच मोटर मशीन लगाकर चलने वाले तीन-पहिया और चार-पहिया छोटे व्यावसायिक वाहनों का प्रवेश भी वर्जित रहेगा।
इन्हें मिलेगी छूट
- स्कूल खुलने और बंद होने के समय बच्चों को लाने-ले जाने वाले स्कूली वाहन।
- बीमार व घायल मरीजों को ले जाने वाली एंबुलेंस और शव वाहन।
- सीएनजी से चलने वाले ऑटो रिक्शा (बिना सवारी के) केवल एमजी रोड पर स्थित पंप से गैस भरवाने के लिए जा सकेंगे।
क्या होगा वैकल्पिक रूट
- मथुरा से फिरोजाबाद : वाहन रैपुरा जाट से 14 किमी लंबे उत्तरी बाईपास पर चढ़ेंगे और खंदौली यमुना एक्सप्रेस-वे होते हुए कुबेरपुर कट से निकलेंगे। यदि मथुरा से कोई वाहन आगे निकल आता है तो उसे रैपुरा जाट से दक्षिणी बाईपास होते हुए किरावली-महुअर कट की तरफ निकाला जाएगा।
- फिरोजाबाद से मथुरा/ग्वालियर : वाहनों को कुबेरपुर कट से ही यमुना एक्सप्रेस-वे और इनर रिंग रोड की तरफ डायवर्ट किया जाएगा।
- ग्वालियर रोड (रोहता नहर) से आने वाले वाहन: इन्हें नो-एंट्री खुलने (रात 11 बजे) तक इंतजार करना होगा, जिसके बाद ये रमाडा व इनर रिंग रोड होकर फिरोजाबाद जा सकेंगे।
मंडलायुक्त आगरा डॉ. नगेंद्र प्रताप ने बताया कि अमर उजाला ने एक बेहद जन उपयोगी विषय को प्रमुखता से उठाया। इसके लिए साधुवाद। आगरा-मथुरा हाईवे पर भारी वाहनों पर नो-एंट्री व्यवस्था लागू करने के लिए आगरा के पुलिस कमिश्नर और मथुरा के एसएसपी को निर्देश दिया गया है। डीआईजी आगरा रेंज को कहा गया है कि मथुरा की सीमा से ही भारी वाहनों को नवनिर्मित उत्तरी बाईपास से डायवर्ट कराना सुनिश्चित करें। - ,
पुलिस आयुक्त दीपक कुमार ने कहा कि अमर उजाला ने जो अभियान चलाया था, वह आम आदमी के लिए था। इसे देखते हुए डीसीपी और एडीसीपी ट्रैफिक को हाईवे और उत्तरी बाईपास का निरीक्षण कर पूरा प्लान बनाने के निर्देश दिए गए थे। अब सुबह 5 से रात 11 बजे तक कुबेरपुर अंडरपास से रैपुरा जाट दक्षिणी बाईपास के बीच और शहर के भीतर एमजी रोड व यमुना किनारा समेत किसी भी मार्ग पर भारी वाहन नहीं चल सकेंगे।
डीएम मनीष बंसल ने कहा कि अमर उजाला की ओर से चलाए जा रहे अभियान के बाद ट्रांसपोर्टरों के साथ बैठक में उत्तरी बाईपास पर महंगे टोल की समस्या सामने आई थी। इस पर एनएचएआई और यमुना एक्सप्रेस-वे अथॉरिटी के अधिकारियों के साथ मंथन कर टोल दरें कम करने का प्रस्ताव मुख्यालय भेजा गया है। अगले महीने के पहले सप्ताह से टोल में कमी लागू होने की पूरी संभावना है।
डीसीपी ट्रैफिक ज्ञानेंद्र कुमार ने कहा कि उत्तर बाईपास का इस्तेमाल करने के लिए आगरा-मथुरा हाईवे पर नो एंट्री की व्यवस्था लागू की जा रही है। आदेश का उल्लंघन करने वालों पर पुलिस अधिनियम की धारा 32 और केंद्रीय मोटरयान अधिनियम की धारा 112 व 115 के तहत कार्रवाई होगी। नगर निगम सीमा में हल्के वाहनों की अधिकतम गति 50 किमी/घंटा और भारी वाहनों की 40 किमी/घंटा तय की गई है। - ,
एडीसीपी ट्रैफिक अलका सिंह ने बाताया कि हर एंट्री पॉइंट पर संबंधित थाने के साथ यातायात पुलिस तैनात रहेगी। मथुरा से आने वाले वाहन उत्तरी बाईपास से खंदौली होते हुए यमुना एक्सप्रेस-वे और कुबेरपुर कट से फिरोजाबाद निकलेंगे। यदि कोई वाहन आगे आ भी जाता है तो उसे रैपुरा जाट से दक्षिणी बाईपास की ओर मोड़ दिया जाएगा। फिरोजाबाद से आने वाले वाहनों को कुबेरपुर कट से एक्सप्रेस-वे और इनर रिंग रोड पर डायवर्ट किया जाएगा।