उत्तर प्रदेश का आगरा शहर नौतपा के बाद भी शहर तप रहा है। जून के पहले सप्ताह में ही एक बार फिर से भीषण गर्मी ने रंग दिखाना शुरू कर दिया है। बुधवार को 46 डिग्री सेल्सियस अधिकतम तापमान के साथ आगरा प्रदेश में सबसे गर्म रहा। 45.9 डिग्री के साथ झांसी दूसरे और 45.8 डिग्री तापमान के साथ मथुरा तीसरे स्थान पर रहा। मौसम विभाग अगले 24 घंटों में धूल भरी आंधी के साथ हल्की बूंदाबांदी की संभावना व्यक्त कर रहा है।
मौसम विभाग ने 9 जून तक के लिए गर्मी का ऑरेंज अलर्ट भी जारी किया है। इस दौरान तेज धूप के साथ लू भी परेशान करेगी। शहर में मई माह में रिकॉर्ड भीषण गर्मी पड़ी। 28 मई को अधिकतम तापमान 48.6 डिग्री के उच्चतम स्तर पर पहुंच चुका है। इसके बाद मौसम का मिजाज बदला। आंधी बारिश ने तापमान की रफ्तार को नियंत्रित किया। मंगलवार को भी शहर का अधिकतम तापमान 46.1 डिग्री सेल्सियस पहुंचा था।
बुधवार को भी शहर का अधिकतम तापमान 46 डिग्री सेल्सियस पहुंचा जो प्रदेश में सबसे अधिक रहा। न्यूनतम तापमान 27.6 डिग्री सेल्सियस रहा। सुबह 9 बजे से ही सूरज की किरणें तन झुलसाने लगीं थी। दोपहर करीब डेढ़ बजे से लू के थपेड़ों ने गर्मी की तीव्रता को बढ़ाया। गर्मी के चलते घरों में नलों से रात के समय में भी गर्म पानी निकल रहा है।
मौसम विभाग के पूर्वानुमान केंद्र के अनुसार 9 जून तक गर्मी और लू से कोई राहत मिलने के कोई संकेत नहीं हैं। बृहस्पतिवार और शुक्रवार को धूल भरी तेज हवाएं चल सकती हैं। हल्की बूंदाबांदी भी हो सकती हैं लेकिन इससे गर्मी से कोई राहत मिलने की संभावना नहीं है।
आज का तापमान
- अधिकतम तापमान- 46
- न्यूनतम तापमान- 27.6
- सूर्योदय- 5:23
- सूर्यास्त- 7:07
- एक्यूआई- 57