आगरा में समाजवादी पार्टी के दलित महा सम्मेलन से पहले शहर में सियासी पारा चढ़ गया है। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के खिलाफ लगाए गए विवादित पोस्टरों ने हंगामा खड़ा कर दिया है। इन पोस्टरों में अखिलेश यादव और आजम खान के पुराने बयानों का जिक्र किया गया था, जिसके बाद सपा कार्यकर्ता आक्रोशित हो गए।
जानकारी के अनुसार, आगरा में विभिन्न स्थानों पर अखिलेश यादव के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणी वाले पोस्टर लगाए गए थे। इन पोस्टरों को देखते ही सपा कार्यकर्ता भड़क उठे। उन्होंने तुरंत कार्रवाई करते हुए खंभों पर चढ़कर इन पोस्टरों को उतारा और फाड़ दिया। पोस्टर फाड़ते हुए सपा कार्यकर्ताओं का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
नेताओं का कहना है कि सपा की बढ़ती लोकप्रियता से बौखलाकर विरोधी इस तरह की हरकत की जा रही हैं। उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव का अपमान बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और पोस्टर लगाने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
पोस्टर में क्या था?
सूत्रों के अनुसार, पोस्टरों में अखिलेश यादव और आजम खान के पुराने बयानों का हवाला देते हुए उन पर निशाना साधा गया था। इन पोस्टरों में "सबको गोली, सबका अपमान, समाजवादी पार्टी की पहचान" जैसे नारे लिखे होने की भी बात कही जा रही है।