नवरात्र शुरू हो चुके हैं। इसके बाद दशहरे का त्योहार है। करवाचाैथ और फिर दिवाली का पंचोत्सव आएगा। बाजारों में भीड़ बढ़ने लगी है। इसको देखते हुए पुलिस ने सुरक्षा प्लान बनाया है। बाजारों में सीसीटीवी कैमरों से निगरानी बढ़ाई जा रही है। वहीं चोर-लुटेरों की धरपकड़ के लिए सादा कपड़ों में पुलिस की अलग-अलग टीमों को लगाया गया है। वहीं अतिक्रमण से सड़कों को मुक्त कराने के लिए नगर निगम की टीम के साथ व्यापारियों से वार्ता की जाएगी।
नवरात्र शुरू होने के साथ ही शाहगंज, रूई की मंडी, बोदला, लोहामंडी, न्यू आगरा, सिंधी बाजार, रावत पाड़ा, सराफा बाजार आदि में भीड़ होने लगी है। बड़ी संख्या में बाहर के व्यापारी से लेकर ग्राहक खरीदारी के लिए आ रहे हैं। बाजारों में कई बार लूट और चोरी की घटनाएं हो चुकी हैं। इसको देखते हुए सुरक्षा प्लान तैयार किया गया है।
पुलिस आयुक्त दीपक कुमार ने बताया कि तीनों के जोन के सभी थाना पुलिस को अलर्ट किया गया है। सिटी जोन में बाजारों में विशेष सतर्कता के निर्देश दिए गए हैं। थाना पुलिस के साथ ही एसओजी को भी लगाया गया है। बाजारों में सीसीटीवी कैमरों से निगरानी बढ़ा दी गई है। सादा कपड़ों में पुलिस ने संदिग्धों पर नजर रख रही है। पूर्व में जेल भेजे गए आरोपियों का सत्यापन कराया जा रहा है। यह देखा जा रहा है कि वो फिर से किसी अपराध में तो नहीं शामिल नहीं हैं।
त्योहार पर बाजारों में अतिक्रमण-पार्किंग से लगेगा जाम
त्योहार पर प्रमुख बाजारों में खरीदारी के लिए लोगों की भीड़ है। मगर अतिक्रमण और ऑटो व ई-रिक्शा की पार्किंग से यातायात में बाधा उत्पन्न हो रही है। पुलिस ने अभी तक कोई प्लान नहीं बनाया है। एमजी रोड से ऑटो और ई-रिक्शा हटने के बाद शहर के अंदरूनी इलाकों में वाहनों को बोझ पहले ही बढ़ गया है। खरीदारी की भीड़ से दिक्कत होने लगी है। पुलिस आयुक्त ने बताया कि यातायात व्यवस्था के लिए भी अतिरिक्त फोर्स लगाई जा रही है। थाना पुलिस को अपने-अपने इलाके के बाजार में व्यवस्थाएं बनाने के लिए कहा है। नगर निगम की टीम के साथ अतिक्रमण के खिलाफ अभियान चलाया जाएगा। सवारी वाहनों को भी व्यवस्थित किया जा रहा है।