आगरा के धनौली में करीब पांच करोड़ रुपये की दवाएं बरामद होने और टेढ़ी बगिया में नालियों व झाड़ियों में दवाएं मिलने के बाद पुलिस और औषधि विभाग अवैध गोदामों की तलाश कर रहे हैं। आशंका है कि घनी आबादी वाले क्षेत्रों में भी ऐसे ठिकाने हो सकते हैं।
टेढ़ी बगिया और धनौली में बरामद दवाओं के बाद औषधि विभाग और पुलिस की रडार पर अवैध गोदाम है। कई घनी आबादी वाले क्षेत्रों में हो सकते हैं। इसमें मुखबिर की भी मदद ली जा रही है। दो स्थानों पर पुलिस ने जांच की लेकिन वहां सुराग नहीं मिला।
विज्ञापन
औषधि विभाग और पुलिस ने बीते सप्ताह धनौली में अवैध गोदाम में करीब 5 करोड़ रुपये की दवाएं बरामद की थीं। ये नामी कंपनियों के नाम से नकली होने की आशंका है। इनके तार बीते साल फव्वारा में जब्त की गईं 71 करोड़ रुपये की दवाओं से जुड़ रहे हैं। ऐसे में पुलिस और औषधि विभाग को इनके और गोदाम होने की आशंका है।
पुलिस को इनपुट मिला है कि ये घनी आबादी वाले क्षेत्र में भी हो सकते हैं। संभावित क्षेत्रों में इनकी तलाश की जा रही है। जांच के दौरान ही टेढ़ी बगिया में दो गोदाम मिले थे लेकिन छापे से पहले ही ये खाली कर दिए गए। इन्हीं दवाओं को टेढ़ी बगिया में नालियों-झाड़ियां में फेंका गया। सहायक आयुक्त औषधि अरविंद कुमार गुप्ता ने बताया कि दोनों मामले में पुलिस और औषधि विभाग की टीम जांच कर रही है।
विज्ञापन
सीसीटीवी कैमरे भी देखे जा रहे
पुलिस ने टेढ़ी बगिया में नालियाें और झाड़ियों में मिली दवाओं के बाद उस रास्ते के सीसीटीवी कैमरे देखे जा रहे हैं। इसमें कुछ लोग संदिग्ध दिखे हैं जो लोडिंग टेंपो में कट्टों में कुछ सामान ले जाते दिखे हैं। उनके चेहरे स्पष्ट नहीं हैं। ऐसे में पुलिस ने जांच का दायरा बढ़ा दिया है।