आगरा पुलिस ने पुलिस लाइन में आयोजित समारोह में उत्कृष्ट कार्य करने वाले 12 ग्राम प्रहरियों को मोबाइल फोन और प्रशस्तिपत्र देकर सम्मानित किया। अब ग्राम प्रहरी ग्रामीणों को साइबर ठगी से बचाव के प्रति जागरूक करने के अभियान में सहयोग करेंगे।
ग्रामीण क्षेत्रों में शांति एवं कानून व्यवस्था बनाने, महत्वपूर्ण सूचनाएं उपलब्ध कराने, पुलिस और ग्रामीणों के बीच समन्वय बनाने में ग्राम प्रहरियों (चौकीदारों) की भूमिका महत्वपूर्ण है। आगरा पुलिस द्वारा साइबर अपराध से बचाव के लिए जागरूकता अभियान चलाया जाएगा। इसमें ग्राम प्रहरी लोगों को जागरूक करने में सहयोग करेंगे। ये बातें मंगलवार को पुलिस लाइन में आयोजित ग्राम प्रहरी सम्मान समारोह में पुलिस आयुक्त दीपक कुमार ने कहीं।
विज्ञापन
मुख्यमंत्री ने प्रदेश के समस्त ग्राम प्रहरियों के मानदेय में 40 प्रतिशत वृद्धि की है। साथ ही प्रत्येक ग्राम प्रहरी को प्रतिवर्ष 5 लाख रुपये कैशलेस चिकित्सा सुविधा प्रदान करने की घोषणा बरेली में आयोजित ग्राम प्रहरी सम्मान समारोह में की। इसी क्रम में कमिश्नरेट आगरा में ग्राम प्रहरी सम्मान समारोह आयोजित किया गया। इसमें कैबिनेट मंत्री योगेंद्र उपाध्याय और विधायक फतेहपुर सीकरी बाबूलाल चौधरी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में उत्कृष्ट कार्य करने वाले 12 ग्राम प्रहरियों को मोबाइल फोन एवं प्रशस्तिपत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। पुलिस आयुक्त दीपक कुमार ने कहा कि मोबाइल फोन वितरण का उद्देश्य पुलिस एवं ग्राम प्रहरियों के मध्य समन्वय को और अधिक सुदृढ़ करना है। वे पुलिस व्यवस्था के अभिन्न अंग हैं।