घर से भागकर शादी करने वाले आगरा के प्रेमी युगल को परिवारीजन पकड़कर थाना ले आए। युवती घर जाने को राजी नहीं हुई। घरवालों ने मंदिर में उनकी शादी को गलत ठहराया। इसके लिए थाना में दो घंटे तक पंचायत हुई। इसमें फैसला हुआ कि अब दोनों की समाज में धूमधाम से शादी कराई जाएगी। हालांकि युवती ने मजिस्ट्रेट बयान दर्ज कराने के बाद ही घर लौटने की बात कही है।
मामला थाना जगदीशपुरा क्षेत्र का है। थाना हरीपर्वत क्षेत्र की युवती के प्रेम संबंध दो साल से न्यू आगरा क्षेत्र के युवक से थे। पिछले दिनों इसकी भनक युवती के परिवारीजनों को हो गई। उन्होंने युवती का घर निकलना बंद कर दिया। एक महीने पहले युवक युवती को लेकर चला गया। दोनों मंदिर में शादी कर ली। वह घर लौटकर नहीं आए।
परिवारीजन उनकी तलाश में जुटे थे। युवक और युवती बोदला में रह रहे थे। सोमवार को युवती के घरवालों ने दोनों को बोदला चौकी के पास पकड़ लिया। वह युवती को ले जाने लगे। उसने विरोध किया तो हंगामा हो गया। सूचना पर पुलिस पहुंच गई। पुलिस ने दोनों को थाने ले गई। बाद में युवक और युवती के 20-25 घरवाले आ गए।
युवती के घर नहीं चलने पर थाने में ही पंचायत की। इसमें फैसला हुआ कि शादी समाज में धूमधाम से की जाएगी। उनकी मंदिर में हुई शादी को मानने से इनकार कर दिया। बाद में युवक और युवती भी राजी हो गए। हालांकि युवती का कहना था कि वह कोर्ट में बयान दर्ज होने के बाद ही घर जाएगी। पुलिस अब उसके कोर्ट में बयान कराएगी।