आगरा में थाना ताजगंज की विभव नगर चौकी पर तैनात सिपाही की मौत को पुलिस ने आत्महत्या मान लिया है। इसका कारण शव की पोस्टमार्टम रिपोर्ट है। इसमें मृत्यु का कारण हैंगिंग यानी लटकना आया है। लेकिन यह साफ नहीं हो पाया कि उसने जान क्यों दी।
न तो कोई सुसाइड नोट मिला और न ही उसके मोबाइल फोन से कोई जानकारी मिली। मोबाइल का डाटा डिलीट कर दिया गया था। पुलिस को उम्मीद है कि इस डाटा के रिकवर होने पर ही कुछ सुराग मिल सकता है। इसके चलते इसे फोरेंसिक साइंस लैब भेजा जाएगा।
उधर, अक्षय गूजर (24) के परिवारीजनों ने मंगलवार को थाना ताजगंज पहुंचकर कहा कि उसे एक युवती परेशान कर रही थी। उसे दोस्ती के नाम पर जाल में फंसा लिया था। अब ब्लैकमेल कर रही थे। उससे आठ लाख रुपये मांगे जा रहे थे।