अग्निवीर भर्ती रैली में शनिवार को अलीगढ़ की खैर और एटा की अलीगंज तहसील के 115 युवा इंजेक्शन व स्टेरॉइड की डोज लेकर भर्ती स्थल पर आए थे, जिनकी पहचान कर भर्ती प्रक्रिया से बाहर किया गया।
आगरा। सेना भर्ती में इंजेक्शन व स्टेरॉयड्स (शक्तिवर्धक दवाओं) के सहारे अग्निवीर बनने पहुंचे 115 अभ्यर्थी शनिवार को पकड़े गए। इनके हाथों पर इंजेक्शन लगाने के निशान थे। दौड़ से पहले मेडिकल टीम की जांच में इनमें प्रतिबंधित शक्तिवर्धक दवाओं के इस्तेमाल की पुष्टि हुई। पकड़े गए अभ्यर्थियों को भर्ती के लिए अयोग्य घोषित करते हुए मुकदमा दर्ज कराया जा रहा है।
विज्ञापन
कीठम स्थित आनंद इंजीनियरिंग कॉलेज में 20 सितंबर से 12 जिलों की सेना भर्ती प्रक्रिया चल रही है। 1.75 लाख युवाओं ने पंजीकरण कराए हैं। शनिवार को भर्ती का 10वां दिन था। एटा की अलीगंज व अलीगढ़ की खैर तहसील क्षेत्र के युवाओं की भर्ती थी। शुक्रवार रात 12 बजे से भर्ती स्थल पर प्रवेश शुरू हुए। दस्तावेज व शारीरिक दक्षता के बाद दौड़ होनी थी। सैन्य अधिकारियों की नजर ऐसे अभ्यर्थियों पर पड़ी जिनके हाथों पर इंजेक्शन लगाने के निशान थे। दौड़ से पहले अधिकारियों ने सिविल मेडिकल टीम, अपर नगर मजिस्ट्रेट और पुलिस अधीक्षक को बुलाया। एक-एक अभ्यर्थी की जांच में 115 अभ्यर्थियों के शक्ति बढ़ाने के लिए इंजेक्शन लगाने व स्टेरॉयड्स के इस्तेमाल की पुष्टि हुई।
सेना भर्ती निदेशक कर्नल सुदेश भांगरा के अनुसार सभी 115 युवाओं को भर्ती के लिए अयोग्य घोषित कर दिया है। इनके विरुद्ध मुकदमा दर्ज कराया जा रहा है। ऐसे युवा अपने स्वास्थ्य से खिलवाड़ कर रहे हैं। भविष्य में कभी सेना भर्ती में शामिल नहीं हो सकेंगे। पकड़े गए अभ्यर्थियों को प्रतिबंधित किया है।
अपील: न अपनाएं अवैध तरीका
सेना निदेशक ने युवाओं से अपील की है कि भर्ती के दौरान किसी भी प्रकार का नशीला पदार्थ या शक्तिवर्धक दवाओं का सेवन न करें। न ही कोई अवैध तरीका अपनाएं। रविवार को अलीगढ़ की गभाना और कोल तहसील के युवाओं की भर्ती होगी।
94 अभ्यर्थियों के प्रमाणपत्र मिले थे फर्जी
आगरा और फिरोजाबाद की बाह, टूंडला, सिकंदराराऊ, फिरोजाबाद तहसील के युवाओं की भर्ती 26 और 27 सितंबर को हुई थी। जिसमें 94 अभ्यर्थियों के आधार कार्ड, अंकपत्र व अन्य प्रमाणपत्र फर्जी मिले थे। सभी अभ्यर्थियों को भर्ती के लिए अयोग्य घोषित करते हुए मुकदमा दर्ज कराया गया है।