आगरा: चोरी की वारदात में पकड़े आरोपियों की जानकारी देते पुलिस अधीक्षक ग्रामीण
- फोटो : अमर उजाला
आगरा के सैंया कस्बे में हाईवे किनारे स्थित इलेक्ट्रॉनिक्स की दुकान पर 17 मई की रात हुई चोरी का खुलासा करते हुए पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनके पास से 18 मोबाइल फोन, सात एलईडी, चार होम थियेटर, पायल, सब्बल और दो बाइकें बरामद हुई हैं।
जंगला तोड़कर करते थे चोरी
इंस्पेक्टर सैंया हंसराज भदौरिया ने बताया कि राकेश सिंह निवासी नगला धनिया की हाईवे के किनारे तेहरा बाग में धाकरे कम्यूनिकेशन के नाम से दुकान है। 17 मई की रात दुकान का जंगला तोड़कर चोरी की गई थी। दुकानदार ने 9 एलईडी टीवी, एक टेबलेट, एक वाईफाई डिवाइस, 22 मोबाइल फोन चोरी होने की जानकारी दी थी। इंस्पेक्टर के मुताबिक मोबाइल लोकेशन से जानकारी हुई कि चोरी में शामिल बदमाश नदीम से बीरई की तरफ जाने वाले हैं। इस पर पुलिस ने घेराबंदी की।
एक साथी भाग निकला
दो बाइकों से आ रहे युवकों को रोकने पर वे भागने लगे। इस पर पुलिस ने पीछा किया। तीन युवकों को पकड़ लिया गया, जबकि इनका एक साथी भाग निकला। पकड़े गए युवकों में सूरज निवासी गांव पनोता थाना इरदतनगर के घर के बाहर बनी कोठरी से सात अनरॉयड और 11 कीपैड मोबाइल फोन, 7 एलईडी टीवी, चार होम थियेटर, सब्बल, एक जोड़ी पायल बरामद की गईं। दो अन्य आरोपियों में विष्णु निवासी शाहपुर थाना नारकी, फिरोजाबाद और रविंद्र यादव निवासी पनोता थाना इरादतनगर हैं।
पहले भी कर चुके हैं चोरी की वारदात
पकड़े गए अभियुक्तों ने पुलिस को बताया कि उनका फरार साथी शैलेंद्र निवासी पनोता इरदतनगर के साथ मिलकर सभी ने धाकरे कम्यूनिकेशन तेहरा में चोरी की थी। इसके एक दिन पहले मलपुरा की नई बस्ती स्थित मकान में भी चोरी की थी। बरामद बाइकों में एक चोरी की है, जिसे बदमाशों ने मथुरा के रिफाइनरी थाना क्षेत्र से चोरी की थी।
ये भी पढ़ें- शिवम हत्याकांड: एक और आरोपी गिरफ्तार, कालिंदी विहार में मुखबिरी के शक में हुई थी हत्या