गैंगस्टर में शैलेंद्र अग्रवाल और उसके मैनेजर रोहन को शुक्रवार सुबह चार बजे थाना शाहगंज पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया।दोपहर में उन्हें कोर्ट में पेश किया गया, जहां से जेल भेज दिए गए।
एसपी सिटी कुंवर अनुपम सिंह ने बताया कि शैलेंद्र अग्रवाल निवासी विभव नगर, ताजगंज पर आगरा और मथुरा के थानों में धोखाधड़ी सहित अन्य धारा में 40 मुकदमे दर्ज थे।
आरोप था कि आलू के व्यापार में लाभ का झांसा देकर उसने धोखाधड़ी की। वह थाना ताजगंज का हिस्ट्रीशीटर है। एक साल से जमानत पर बाहर है।
शैलेंद्र ने शाहगंज के एक मामले में गवाह को जान से मारने की धमकी दी। दो अक्तूबर 2017 को एनसीआर दर्ज की गई। कोर्ट से अनुमति के बाद जांच कर 26 मई को चार्जशीट दाखिल की गई।
आठ जून को शैलेंद्र अग्रवाल, उसके भाई नितेंद्र, जितेंद्र और मैनेजर रोहन सिंह के खिलाफ शाहगंज में गैंगस्टर में मुकदमा दर्ज किया था। पुलिस उसकी तलाश में लगी थी।
शुक्रवार को शैलेंद्र और रोहन को कोठी मीना बाजार से फॅार्च्यूनर गाड़ी से जाते समय गिरफ्तार कर लिया। उधर, शैलेंद्र अग्रवाल की पत्नी वंदना अग्रवाल ने कहा कि पति पर योजनाबद्ध तरीके से 2015 में 40 मुकदमे दर्ज कराए गए थे।
पत्नी ने की ये बात
वह दो वर्ष जेल में रहे थे। 21 जून को रात में गिरफ्तार कर पति को फिर से जेल भेज दिया गया। मेरे पति के अलावा मेरी देखभाल करने वाला अन्य कोई व्यक्ति नहीं है।
मैं अपने दोनों बच्चों का जैसे-तैसे पालन पोषण कर रही हूं। यदि प्रशासन का यही हाल रहा तो मैं अपने दोनों बच्चों के साथ आत्महत्या करने को मजबूर होउंगी।