दिल्ली और कोलकाता के बीच हुए आईपीएल मैच पर शहर में लाखों का सट्टा लग रहा था। थाना न्यू आगरा पुलिस और एत्माद्दौला पुलिस ने छापे मारकर छह बुकी गिरफ्तार किए हैं। उनसे कई मोबाइल और नकदी बरामद की गई है।
इंस्पेक्टर थाना न्यू आगरा ने बताया कि गिरफ्तार अभियुक्तों में सोनू (निवासी कश्यप पुरी, थाना खंदौली), मनीष (निवासी सुदामापुरी, नरायच), नितिन शर्मा (महादेव मंदिर रोड़ बल्केश्वर) और सुनील अग्रवाल (निवासी 43 ओल्ड सरस्वती नगर, बल्केश्वर) हैं।
आरोपियों का एक साथी हिमांशु उर्फ चिली (सरस्वती नगर, बल्केश्वर) भाग गया। अभियुक्तों के पास से नौ मोबाइल, एक लैपटॉप, एक एलईडी और 31,800 रुपये बरामद किए गए।
आरोपियों के खिलाफ धारा 3/4 जुआ-सट्टा अधिनियम और धारा 420 में मुकदमा दर्ज किया गया। इंस्पेक्टर के मुताबिक, हिमांशु गिरोह का सरगना है। वह कोलकाता में बैठे सरगना से संपर्क में था।
हर गेंद और चौके-छक्कों की जानकारी डायरेक्ट लाइन से हिमांशु को मिल रही थी। इसके बाद लोगों से मोबाइल पर बात कर लोगों से सट्टा लगवाया जा रहा था।
उधर, थाना एत्माद्दौला क्षेत्र में गिर्राज गुप्ता उर्फ राजवीर सिंह निवासी ट्रांस यमुना कालोनी, फेज-2 और अनुराग निवासी सिरसागंज, फिरोजाबाद को गिरफ्तार किया गया।
की गई ये कार्रवाई
इंस्पेक्टर थाना एत्माद्दौला ने बताया कि उनसे 21,000 रुपये और 12,900 रुपये पेटीएम में आए हुए मिले। तीन मोबाइल बरामद किए गए हैं। उनके खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।
गिर्राज के घर में सट्टा चल रहा था। पुलिस के आने पर अन्य लोग भाग निकले। वह न्यू आगरा क्षेत्र के बुकी के संपर्क में था। आईपीएल में हर बाल और चौके-छक्के पर सट्टा लगाया जा रहा था। हर टीम का अलग-अलग भाव बनाया हुआ था।