आगरा। प्रयागराज में आयोजित प्रथम यूपी स्टेट मास्टर्स वेटरन बैडमिंटन चैंपियनशिप में आगरा के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया। उन्होंने 13 से 15 जून तक चली इस प्रतियोगिता में विभिन्न श्रेणियों में पदक जीते।
पुरुष युगल 40 वर्ष से अधिक आयु वर्ग का फाइनल सबसे रोमांचक रहा, जिसमें आगरा की दो जोड़ियां आमने-सामने थीं। विनोद सीतलानी और अमित उपाध्याय की जोड़ी ने मनीष गुडवानी और पवन मंगल को 21-17, 22-20 से हराकर खिताब जीता। इस जीत के साथ वे यूपी स्टेट बैडमिंटन के चैंपियन बने। पुरुष युगल 50 वर्ष से अधिक वर्ग में अजय महाजन और यश मेहता की जोड़ी ने शानदार खेल दिखाया। पुरुष युगल 60 वर्ष से अधिक वर्ग में राहुल पालीवाल और एसके शर्मा की जोड़ी ने भी अपनी श्रेणी में छाप छोड़ी।
इस दौरान आगरा बैडमिंटन संघ के संरक्षक महेश नौटियाल, एडीजे जितेंद्र सिंह, जीएसटी अपर आयुक्त (ग्रेड-1) पंकज गांधी, जीएसटी डिप्टी कमिश्नर रितु सिंह, संघ की अध्यक्ष बीना लवानिया, आसिफ अली, कल्पना सिंह, संजय कालरा, नंदी रावत, संजय अग्रवाल, पुनीत वशिष्ठ, अनूप गुप्ता आदि ने विजेताओं को बधाई दी।