आगरा के एक क्रिकेट खिलाड़ी ने मुंबई में आतिशी बल्लेबाजी से धमाका कर दिया है। मणिपुर से विजय मर्चेंट ट्रॉफी खेलने वाले इस खिलाड़ी ने मुंबई में चल रहे एकेडमी क्रिकेट टूर्नामेंट में 240 रनों की आतिशी पारी खेलकर सभी को चौंका दिया।
शिवाजी पार्क मैदान, जीमखाना मुंबई के ग्राउंड में खेले गए इस मैच की पारी को इसलिए भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है, क्योंकि इस मैदान की बाउंड्री 80 मीटर की है।
सोमवार को आगरा की विविधा सनराइज क्रिकेट एकेडमी का क्रॉस मैदान क्रिकेट एकेडमी से मैच था। विविधा सनराइज क्रिकेट एकेडमी ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला लिया।
विविधा एकेडमी के नौ ओवरों में 60 रन पर पांच विकेट गिर गए। इसके बाद मैदान में जो हुआ, वो वहां मौजूद क्रिकेट प्रेमियों के लिए एकेडमी क्रिकेट टूर्नामेंट में यादगार बन गया।
विविधा एकेडमी के बल्लेबाज बबलू यादव ने 95 गेंदों में 35 चौके और 15 छक्कों की मदद से 240 रनों की नाबाद पारी खेली। विविधा सनराइज ने क्रॉस मैदान क्रिकेट एकेडमी के सामने 450 रनों के विशाल स्कोर का लक्ष्य दिया।
बॉबी कुमार ने 42, अमित गर्ग ने 36 और निखिल सिंह ने 34 रनों का योगदान दिया। मुंबई की क्रॉस मैदान क्रिकेट एकेडमी 60 रनों पर ही ढेर हो गई। विविधा की ओर से लेफ्ट आर्म स्पिनर शिवांग गुरयानी ने पांच विकेट लिए।
मिला मैन ऑफ द मैच
राइट आर्म लेग ब्रेक बॉलर अमित गर्ग ने तीन विकेट और बशारत अली ने दो विकेट लिए। मैन ऑफ दे मैच बबलू यादव को दिया गया।
विविधा सनराइज क्रिकेट एकेडमी के कोच फिरोज खान ने बताया कि बबलू यादव ऐसे बल्लेबाज बन गए हैं, जिन्होंने किसी भी स्तर की क्रिकेट में चालीस ओवरों के मैच में 270 रनों का अंबार लगाया है।