फतेहाबाद। पिता को खेतों की बुवाई के लिए बीज खरीदने के लिए रुपये भेजते समय किसान से गलती से दूसरे व्यक्ति के पेटीएम खाते में 26,500 रुपये पहुंच गए। परेशान किसान ने डौकी थाने पहुंचकर पुलिस से मदद मांगी। थानाध्यक्ष ने कुछ ही घंटों में पूरी रकम वापस दिला दी। रुपये वापस मिलने पर किसान के चेहरे पर खुशी लौट आई।
जानकारी के अनुसार, चौब सिंह पुत्र विजय सिंह निवासी कोटरा बाजिदपुर थाना फतेहाबाद के पिता मंगलवार सुबह खेत के लिए बीज खरीदने बाजार गए थे। उन्होंने बेटे से पेटीएम के माध्यम से रुपये भेजने को कहा। बेटे ने पहले एक रुपये भेजकर इसकी पुष्टि की। पिता की सहमति मिलने पर वह बाकी रकम भेजने लगा, लेकिन गलती से 26,500 रुपये हरिओम नाम के व्यक्ति के खाते में पहुंच गए। खाते में रुपये जाने की जानकारी होते ही उसके होश उड़ गए। चौब सिंह तत्काल थाना डौकी पहुंचा और थानाध्यक्ष सुनीत शर्मा को पूरी घटना बताई। थानाध्यक्ष ने ऑनलाइन लेनदेन की जानकारी जुटाई और संबंधित खाताधारक हरिओम पुत्र हरिश्चंद्र निवासी अहीरपुरा थाना फतेहाबाद से फोन पर संपर्क किया। पुलिस का फोन पहुंचने पर हरिओम ने अपना खाता चेक किया, तो उसमें 26,500 रुपये आने की पुष्टि हुई। पुलिस ने उसे थाने बुलाया, जहां उसने किसान चौब सिंह को पूरी रकम वापस कर दी। रुपये वापस मिलने पर किसान ने हरिओम और डौकी थानाध्यक्ष सुनीत शर्मा का आभार जताया। संवाद