आगरा। रकाबगंज क्षेत्र के एक पार्षद से युवक ने प्लाॅट बेचने के नाम पर 9 लाख रुपये ठग लिए। दस्तावेज भी ले लिए। अब जान से मारने की धमकी देने पर पुलिस ने 4 लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया है।
चीलगढ़ औलिया रोड निवासी जयदीप सोनकर वार्ड नंबर 41 से भाजपा पार्षद हैं। उन्होंने पुलिस को बताया कि उनके पड़ोसी सौरभ श्रीवास्तव से पारिवारिक संबंध थे। उन्होंने जनवरी में उखर्रा रोड पर 200 वर्ग गज का प्लाॅट दिखाया। कहा कि वह बेचना चाहता है। 20 लाख रुपये में सौदा तय हुआ। 18 जनवरी से 13 फरवरी तक उसने अपनी पत्नी स्नेहा अग्रवाल, भाई मोंटी उर्फ विशाल और गोल्डी के सामने कई बार में 9 लाख रुपये लिए।
इसके बाद बैनामा करने को बोलने पर बहाना बनाता रहा। एक दिन कहा कि प्लाॅट के दस्तावेज वापस दे दो, बैंक से लोन कराकर रुपये वापस कर देगा। उन्होंने भरोसा कर दस्तावेज दे दिए। इसके बाद न रुपये मिले और न दस्तावेज। अब आरोपी जान से मारने की धमकी दे रहा है। पुलिस का कहना है कि साक्ष्य संकलन कर कार्रवाई की जाएगी। संवाद