बाह। जैतपुर के फतेहपुरा गांव में शिक्षा मित्र दलबल सिंह भदौरिया उर्फ लाले भदौरिया (45) का सोमवार आधी रात के बाद बाथरूम में शव पड़ा मिलने से परिजन सन्न रह गए। हृदयगति रुकने से जान जाने का परिजन को अंदेशा है। मृतक के सिर और घुटने पर चोट के निशान मिलने पर परिजन ने मौत की वजह जानने के लिए शव का पोस्टमार्टम करवाया है।
परिजन के अनुसार, सोमवार देर रात दलबल सिंह भदौरिया उर्फ लाले भदौरिया टॉयलेट के लिए बाथरूम गए थे। थाेड़ी देर बाद पिता रामप्रताप सिंह बाथरूम गए, तो दलबल सिंह अचेत पड़े मिले। माना जा रहा है हृदयाघात से उनकी मौत हुई है। सिर और घुटने में चोट लगी थी। पिता रामप्रताप सिंह ने बताया बेटा दलबल सिंह सुजानपुरा के प्राथमिक विद्यालय में 20 साल से शिक्षा मित्र था। मृतक ने अपने पीछे पत्नी कमलेश, बेटे युवराज, नवनीत सिंह को छोड़ा है। बेटे के बाद परिवार में कोई कमाने वाला नहीं है। 6 महीने पहले छोटे बेटे शेखर भदौरिया की मौत हुई थी। 6 महीने के अंतराल में दोनों बेटों को खोने वाले रामप्रताप सिंह समेत पूरा परिवार सुधबुध खो बैठा है। फतेहपुरा गांव शोक में डूब गया है। मंगलवार को किसी भी घर में चूल्हे तक नहीं जले। एसीपी बाह जितेंद्र कुमार ने बताया पोस्टमार्टम रिपोर्ट से मौत की असल वजह पता चल सकेगी। दलबल सिंह के निधन पर शोक जताते हुए शिक्षाविद डॉ. मदन गोपाल सिंह भदौरिया ने शासन और प्रशासन से उनके परिवार के भरण पोषण की व्यवस्था करने की मांग की है। संवाद