मौसम का मिजाज एक बार फिर बदल गया है। मंगलवार को जहां दिन में धूप ने पसीने छुड़ाए वहीं शाम को हुई तेज बारिश के साथ पड़े ओलों ने एक बार फिर से सर्दी का अहसास कराया। मौसम विभाग के पूर्वानुमान केंद्र के अनुसार अगले दो दिन आसमान में हल्के बादल छाएंगे। बारिश के साथ ओले पड़ने की संभावना है।
शाम 6 बजे के बाद मौसम खुशनुमा हुआ। शहर के अलग-अलग हिस्सों में बूंदाबांदी हुई। रात 8:30 बजे करीब 15 मिनट की तेज बारिश से शहर की सड़कों पर जलभराव हो गया। इस दौरान ओले भी पड़े। मंगलवार को शहर का अधिकतम तापमान 31.9 और न्यूनतम तापमान 15.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
कृषि विज्ञान केंद्र बिचपुरी के मौसम विज्ञान विभाग के डॉ. संदीप सिंह के अनुसार अगले दो दिन आसमान में बादल छाए रहेंगे। बारिश के साथ ओले पड़ने की भी संभावना है। बादलों के चलते अधिकतम तापमान में कमी आने की भी उम्मीद है।
बारिश में बिगड़े शिल्पग्राम के हाल
मंगलवार को हुई बारिश ने शिल्पग्राम में अव्यवस्थाएं फैला दीं। शाम को जैसे ही बूंदें पड़ना शुरू हुईं शिल्पियों ने अपने सामान को तिरपाल आदि से ढंकना शुरू कर दिया। कुछ शिल्पी जो पूरी तरह अपनी स्टॉल कवर नहीं कर पाए उनका कुछ सामान भी खराब हो गया। शिल्पग्राम में कई जगह पानी भी भर गया।
आज का तापमान (पूर्वानुमान)
अधिकतम तापमान- 25
न्यूनतम तापमान- 15
सूर्योदय - 6:51
सूर्यास्त - 6:13
एक्यूआई- 56
-
सराफा रेट
सोना- 63924
चांदी- 73046