आगरा। 21 दिनों से बैनारा फैक्टरी के बाहर धरना दे रहे मजदूर और फैक्टरी मालिक के बीच मंगलवार को एक घंटे चली वार्ता बेनतीजा रही। अपर जिलाधिकारी नगर के नेतृत्व में हुई वार्ता में दोनों पक्ष अपनी-अपनी मांगों पर आड़े रहे।
तीन महीने का वेतनमान, डेढ़ वर्ष का बोनस, 30 महीने का प्रोविडेंट फंड एवं ईएसआई की मांग को लेकर बैनारा फैक्टरी के मजदूर 21 दिन से धरना दे रहे हैं। मंगलवार को उन्होंने मंडलायुक्त कार्यालय के घेराव का एलान किया था। इस पर कलेक्ट्रेट में अपर जिलाधिकारी (नगर) अनूप कुमार के नेतृत्व में बैनारा फैक्ट्री मालिक पन्नालाल जैन और मजदूरों के बीच वार्ता कराई गई। मजदूरों ने अपनी मांगों को फैक्टरी मालिक को बताया, लेकिन फैक्टरी मालिक ने मांगों को मानने से इंकार कर दिया। मजदूर नेता चौधरी दिलीप सिंह ने कहा है कि मांग पूरी न होने तक धरना-प्रदर्शन जारी रहेगा। वार्ता में श्याम सिंह चाहर, राजीव ठाकुर, राजा धनगर, गौरव यादव, बाबूलाल वाल्मीकि, विष्णु शर्मा, रोहन सिंह, खरग सिंह, बीसी उपाध्याय, राजवीर सिंह, गोपाल सिंह आदि शामिल रहे।